CSMCL ओवरटाइम भुगतान गड़बड़ी केस में ईगल हंटर सॉल्यूशन के दो कर्मचारी रिमांड पर…

Posted by

 

 रायपुर। छत्तीसगढ़ मार्केटिंग कंपनी लिमिटेड (CSMCL) से जुड़े ओवरटाइम भुगतान घोटाले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मैनपावर एजेंसी ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड के फील्ड ऑफिसर अभिषेक कुमार सिंह और अकाउंटेंट तिजऊ राम निर्मलकर शामिल हैं।
 
मामले की शुरुआत प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर द्वारा 29 नवंबर 2023 को 28.80 लाख रुपये नकद जब्त किए जाने के बाद हुई थी। इसके आधार पर राज्य शासन को सूचना दी गई, जिसके बाद EOW में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि वर्ष 2019-20 से 2023-24 के बीच शराब दुकानों में कार्यरत कर्मचारियों के ओवरटाइम भुगतान के नाम पर मैनपावर एजेंसियों को लगभग 115 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।
 
नियमों के अनुसार यह राशि कर्मचारियों को अतिरिक्त कार्य के बदले देय थी, जिसे एजेंसियों के माध्यम से कर्मचारियों तक पहुंचाया जाना था। लेकिन व्यवहार में यह राशि कर्मचारियों तक न पहुंचकर कमीशन के रूप में निकाली गई और कथित रूप से सीएसएमसीएल अधिकारियों तथा निजी व्यक्तियों के बीच वितरित की गई। जांच में यह रकम अनवर ढेबर तक पहुंचने के सबूत मिले।
 
EOW के अनुसार, दोनों आरोपी उस समय कंपनी के कर्मचारी थे और 29 नवंबर 2023 को जब्त किए गए 28.80 लाख रुपये को कंपनी खाते से निकालकर आगे पहुंचाने की प्रक्रिया में शामिल थे। यह राशि कथित रूप से सीएसएमसीएल से जुड़े अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए भेजी गई थी। दोनों आरोपियों को विशेष न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 27 अप्रैल 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories