हमीरपुर। हमीरपुर गांधी चौक पर गुरुवार को हुई भाजपा की विशाल जनसभा में घुसकर जेबकतरों ने कई कार्यकर्ताओं की जेबें काट डालीं। भीड़ में कई लोगों के मोबाइल जेब काटकर गायब कर दिए, तो कई लोगों की जेब काटकर नकदी पर हाथ साफ किया। शातिरों ने इतनी सफाई से काम को अंजाम दिया कि लोगों को भनक तक नहीं लग पाई। जनसभा समाप्त होने के बाद लोगों को इस बात का एहसास हुआ कि उनकी जेबें कट चुकी हैं। हमीरपुर पुलिस थाना में जेब काटने की तीन शिकायतें पहुंची हैं। तीन लोगों के मोबाइल जेब काटकर चुरा लिए गए, तो करीब आठ हजार रुपए भी उड़ा लिए हैं। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है। मामलो में पुलिस गांधी चौक पर लगे सीसीटसी कैमरों की फुटेज को भी खंगालेगी। जनसभा में उमड़ी हुई भीड़ के बीच जेबकतरों को पहचान पाना शायद इतना आसान नहीं होगा। बता दें कि गांधी चौक पर भाजपा की विशाल जनसभा आयोजित की गई तथा इसमें केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर सहित पूव मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल सहित अन्य भाजपा नेता पहुंचे। इनका स्वागत करने के लिए काफी संख्या में लोग उमड़ पड़े तथा इसी मौके का फायदा उठाकर जेबकतरों ने अपना काम कर दिया। हो सकता है कि काफी लोगों की जेबें कटी हों, क्योंकि लोग रैली समाप्त होने के बाद लोग यहां से घर के लिए निकल गए थे, जिन लोगों को एहसास हुआ वे तो थाना हमीरपुर में पहुंच गए तथा शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर पदम चंद ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।





Leave a Reply