लोहे की रॉड से पति और पत्नी को मारा, मोहल्ले के 2 युवक गिरफ्तार

Posted by

जांजगीर-चांपा। जिले के ग्राम कुलीपोटा में पति-पत्नी पर जानलेवा हमला करने वाले 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल लोहे की रॉड और डंडा भी जब्त कर लिया गया है। मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र का है। ग्राम कुलीपोटा के रहने वाले किशन यादव ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि होली के दिन 25 मार्च को चिरंजीव यादव (30) और संदीप यादव (22) के साथ उनका कुछ विवाद हुआ था। दूसरे दिन 26 मार्च को चिरंजीव यादव (30) और संदीप यादव (22) उसके घर आए थे। उस वक्त वो घर में नहीं था, केवल पत्नी थी। दोनों आरोपियों ने उसे और उसकी पत्नी को जान से मारने की धमकी दी थी। 

इसकी शिकायत किशन यादव ने सिटी कोतवाली में दर्ज कराई। इसके बाद वो घर लौट आया। किशन ने बताया कि 26 मार्च की ही शाम को करीब 5-6 बजे के बीच चिरंजीव यादव और संदीप यादव उसके घर पहुंचे। दोनों ने कहा कि तुमने हमारे खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है, हम तुम्हें नहीं छोड़ेंगे। ऐसा कहकर दोनों आरोपियों ने किशन और उसकी पत्नी संजू लता पर लोहे की रॉड और डंडे से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दंपती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों के सिर और शरीर पर गंभीर चोट आई थी। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई। 28 मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि चिरंजीव यादव और संदीप यादव दोनों अपने घर में ही हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories