मुख्यमंत्री साय से मुलाकात के बाद बीएड प्रशिक्षित बर्खास्त सहायक शिक्षकों ने खत्म किया आंदोलन

Posted by

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से शुक्रवार को उनके निवास कार्यालय में बीएड प्रशिक्षित बर्खास्त सहायक शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट की। यह प्रतिनिधिमंडल 126 दिनों से लगातार आंदोलनरत था और आज की मुलाकात और चर्चा के बाद उन्होंने अपने आंदोलन को समाप्त करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री साय ने शिक्षकों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि आप सब हमारे परिवार के सदस्य हैं। आपकी पीड़ा हमारी पीड़ा है। आपकी समस्याओं को समझते हुए सरकार सहानुभूति के साथ इस विषय पर गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस मामले के समाधान के लिए शासन स्तर पर हरसंभव सकारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री साय से भेंट के पश्चात शिक्षकों ने सरकार की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव  सुबोध सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. बसवराजु एस मौजूद रहे।

पंचायत सचिवों की हड़ताल भी स्थगित, सरकार से बनी सहमति
रायपुर। प्रदेशभर में 17 मार्च से चल रही पंचायत सचिवों की हड़ताल को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। यह निर्णय उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, पंचायत विभाग के सचिव भीम सिंह और संचालक प्रियंका ऋषि महोबिया की उपस्थिति में पंचायत सचिव संघ के साथ हुई वार्ता के बाद लिया गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा गठित समिति जनवरी 2026 तक अपनी अंतिम रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी जिसके आधार पर पंचायत सचिवों का शासकीयकरण किया जाएगा। शासकीयकरण की प्रक्रिया से पहले चिकित्सा व्यय प्रतिपूर्ति हेतु अलग से मार्गदर्शिका जारी की जाएगी। पंचायत सचिवों के हित में सरकार ने यह भी निर्णय लिया है कि हड़ताल की अवधि का वेतन स्वीकृत किया जाएगा। साथ ही, वर्तमान में 15 वर्ष की सेवा पूरी करने पर वेतन सत्यापन में आ रही विसंगतियों को भी सुधारने का आश्वासन दिया गया है। प्रदेश पंचायत सचिव संघ ने इस संबंध में पत्र जारी करते हुए जानकारी दी कि मांगों पर हुई सहमति के बाद आंदोलन को आगामी आदेश तक स्थगित किया गया है। संघ ने सरकार के रुख की सराहना करते हुए जल्द से जल्द सकारात्मक निर्णय की अपेक्षा जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories