Breaking News 03-Aug-2026

भाजपा का 30 साल का गढ़ 30 दिनों में ढह गया – प्रशांत किशोर

लोक जगत, पटना। बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के संस्थापक एवं प्रत्याशी प्रशांत किशोर लगातार निर्णायक बढ़त बनाए हुए हैं। मतगणना के 27वें राउंड के बाद उन्होंने भाजपा उम्मीदवार पर मजबूत बढ़त कायम रखते हुए पहली प्रतिक्रिया में इसे केवल विधानसभा का चुनाव नहीं, बल्कि बिहार की राजनीति को नया संदेश देने वाला जनादेश बताया।27वें राउंड की मतगणना के बाद प्रशांत किशोर को 55,780 वोट, भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार को 38,893 वोट और राजद उम्मीदवार रेखा कुमारी को 12,461 वोट मिले हैं। इस तरह प्रशांत किशोर भाजपा से 16,887 मतों की बढ़त बनाए हुए हैं।

बढ़त के बाद मीडिया से बातचीत में प्रशांत किशोर ने कहा, “भाजपा का 30 साल का गढ़ 30 दिनों में ढह गया। यह चुनाव केवल विधायक चुनने का नहीं था। मेरी सम्राट चौधरी से कोई व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है, लेकिन बिहार की जनता ने भाजपा को साफ संदेश दिया है कि राज्य को एक अच्छे चरित्रवान और काबिल मुख्यमंत्री की जरूरत है।

“उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बिहार पर अधिक ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि जितनी चिंता गुजरात के विकास की की जाती है, उतनी ही चिंता बिहार की भी होनी चाहिए, ताकि राज्य से पलायन रुके और बेरोजगारी कम हो।प्रशांत किशोर ने मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि “जिन लोगों ने हमें वोट दिया उनका धन्यवाद। जिन्होंने वोट नहीं दिया, उनका विश्वास जीतने के लिए हम और मेहनत करेंगे। मेरे विधायक बनने से बांकीपुर बेंगलुरु नहीं बन जाएगा, लेकिन दो-तीन महीने में बदलाव जरूर दिखाई देगा।”बांकीपुर उपचुनाव में शुरू से ही बढ़त बनाए हुए प्रशांत किशोर की इस बढ़त को बिहार की राजनीति में जन सुराज के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। अंतिम परिणाम आने तक राजनीतिक दलों और समर्थकों की निगाहें मतगणना पर टिकी हुई हैं।

एक टिप्पणी दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

संबंधित खबरें