लोक जगत, रतनपुर। जिले में अवैध शराब एवं नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम रैनपुर कर्रा स्थित अनमोल ढाबा में दबिश देकर 150 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG-12-AG-2845 को भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भा.पु.से.) द्वारा जिले में अवैध शराब, गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत रतनपुर पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों पर नजर रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।
सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी…
पुलिस को 22 अगस्त को सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से ग्राम रैनपुर कर्रा स्थित अनमोल ढाबा में बिक्री के लिए कच्ची महुआ शराब लेकर पहुंचने वाला है। सूचना से थाना रतनपुर के वर्तमान प्रभारी निरीक्षक निलेश कुमार पांण्डेय ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया गया।
पुलिस टीम ने अनमोल ढाबा के आसपास घेराबंदी कर जांच की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अतुल सोनी, कुनाल साहू और शिवशंकर गोंड के कब्जे से कुल 150 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। इसके साथ ही शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया।
ढाबा संचालक और कर्मचारी सहित तीन आरोपी गिरफ्तार…
पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अतुल सोनी पिता विजय सोनी, उम्र 30 वर्ष, निवासी बुढ़ामहादेव रतनपुर, जिसे ढाबा संचालक बताया गया है; कुनाल साहू पिता दिनेश कुमार, उम्र 25 वर्ष, निवासी कसेरपारा रतनपुर, जो ढाबा कर्मचारी है; तथा शिवशंकर गोंड पिता श्यामजी गोंड, उम्र 39 वर्ष, निवासी भेलवाटिकरी थाना कटघोरा जिला कोरबा शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
नशे के कारोबार पर पुलिस की लगातार नजर…
रतनपुर पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब का कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस द्वारा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना रतनपुर प्रभारी निरीक्षक निलेश कुमार पांण्डेय, प्रधान आरक्षक कौशलराम खुटे, आरक्षक धीरज कश्यप, पवन ठाकुर और आकाश डोंगरे का विशेष योगदान रहा।








Leave a Reply