सीजीपीएससी भर्ती घोटाले में अब ईडी की एंट्री, पूर्व चेयरमैन टामन सिंह गिरफ्तार…

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित सीजीपीएससी भर्ती घोटाले में अब प्रवर्तन निदेशालय की एंट्री हो गई है। सीबीआई जांच के बाद अब ईडी ने मामले में कथित मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू की जांच शुरू करते हुए सीजीपीएससी के पूर्व चेयरमैन और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी टामन सिंह सोनवानी को गिरफ्तार कर लिया है।गिरफ्तारी से पहले ईडी ने रायपुर की विशेष अदालत से अनुमति प्राप्त की। अब एजेंसी सोनवानी को कस्टोडियल रिमांड में लेकर पूछताछ करेगी। माना जा रहा है कि इस दौरान भर्ती प्रक्रिया में कथित पैसों के लेन-देन, अवैध कमाई और उससे जुड़े वित्तीय नेटवर्क से जुड़े अहम खुलासे हो सकते हैं।

गौरतलब है कि करीब दो वर्ष पहले सीबीआई ने भी टामन सिंह सोनवानी को इसी मामले में गिरफ्तार किया था। उनके साथ बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड के निदेशक श्रवण कुमार गोयल को भी गिरफ्तार किया गया था। सीबीआई का आरोप है कि सीजीपीएससी की भर्ती प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुईं और प्रभावशाली लोगों के रिश्तेदारों को डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी सहित अन्य महत्वपूर्ण पदों पर चयनित कराने के लिए अवैध लेन-देन किया गया।सीबीआई जांच के अनुसार, सोनवानी के कार्यकाल में हुई भर्तियों में व्यापक गड़बड़ियां सामने आईं। जांच एजेंसी का दावा है कि उनके कई करीबी रिश्तेदारों के अलावा कांग्रेस नेताओं और अधिकारियों के 18 रिश्तेदारों को कथित तौर पर लाभ पहुंचाया गया। जांच के दौरान कथित वित्तीय लेन-देन से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य भी मिलने का दावा किया गया है।अब ईडी की जांच के बाद इस हाई-प्रोफाइल भर्ती घोटाले में मनी ट्रेल और आर्थिक अपराध से जुड़े नए पहलुओं के सामने आने की संभावना बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *