बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम खुरदुर में उधारी के पैसे को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद दो युवकों ने मिलकर एक व्यक्ति पर बांस के डंडे से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।मृतक की पहचान सिदेशी बघेल (42 वर्ष), पिता कार्तिक बघेल, निवासी ग्राम खुरदुर के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या के आरोप में अंकुश रजक निवासी खुरदुर एवं निखिल यादव निवासी कलार तराई को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत एक किराना दुकान पर हुई। बताया जा रहा है कि आरोपी दुकान से सामान लेकर उसके पैसे बाद में देने की बात कह रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद सिदेशी बघेल ने दुकानदार से कहा कि सामान का भुगतान तत्काल कराया जाए। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।आरोप है कि विवाद के दौरान अंकुश रजक और निखिल यादव ने बांस के डंडे से सिदेशी बघेल के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही कोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए तथा तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।








Leave a Reply