बेटे ने की बाप की हत्या, आरोपी बेटा गिरफ्तार, भेजा जेल

लोक जगत, जशपुर। मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 06.08.26 को प्रार्थी योगादर सिंह जो कि मृतक कृष्णा सिंह का भतीजा है ने थाना कुनकुरी में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि दिनांक 06.08.26 को उसके गांव के ही एक व्यक्ति ने उसे बताया कि उसका चचेरा भाई आरोपी सूरज सिंह के द्वारा अपने पिता मृतक कृष्णा सिंह के साथ मारपीट किया गया है, जिससे वह बेहोश हो गया है, सूचना पाकर प्रार्थी तत्काल अपने चाचा मृतक कृष्णा सिंह के घर जाकर देखा , तो पाया कि मृतक कृष्णा सिंह अपने खटिया में बेहोश पड़ा था, उसके नाक, मुंह व कान से खून निकल रहा था तथा आरोपी सूरज सिंह भी वहीं खड़ा था, जिस पर प्रार्थी के द्वारा तत्काल एंबुलेंस बुला कर, कृष्णा राम को ईलाज हेतु शासकीय अस्पताल केरसई ले जाया गया, जहां से रेफर करने पर कृष्णा सिंह को शासकीय अस्पताल कुनकुरी ले जाया गया, जहां डॉक्टर के द्वारा चेक करने पर, कृष्णा सिंह की मृत्यु हो जाना बताया गया।

रिपोर्ट पर थाना कुनकुरी में बिना नंबरी मर्ग कायम कर, मृतक कृष्णा सिंह के शव का पंचनामा कर, डॉक्टर से पोस्ट मार्टम कराया गया। चूंकि मामला थाना तपकरा क्षेत्रांतर्गत होने से प्रकरण की कार्यवाही हेतु मर्ग डायरी थाना तपकरा भेजी गई, जहां पुलिस के द्वारा मामले में बी एन एस की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया। पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए दिनांक 07.08.26 को आरोपी सूरज सिंह को हिरासत में लेकर लाया गया। पुलिस की पूछताछ पर आरोपी सूरज सिंह ने बताया कि उसका पिता झगड़ालू प्रवृति का था, आए दिन घर में व बाहर बात बेबात वाद विवाद करता रहता था। घटना दिनांक को भी उसी बात को लेकर उसकी व उसके पिताजी कृष्णा सिंह के मध्य विवाद हो रहा था, इसी दौरान उसके द्वारा आवेश में आकर घर में रखे सील लोढ़ा से अपने पिता के सिर में वार कर दिया गया। जिससे उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस की पूछताछ पर आरोपी सूरज सिंह के द्वारा अपराध स्वीकार करने व प्रयाप्त सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस के द्वारा उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त सील लोढ़ा को भी जप्त कर लिया गया है। मामले की कार्यवाही व आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक संदीप कौशिक, चौकी प्रभारी ऊपर कछार सहायक उप निरीक्षक भुनेश्वर भगत, प्रधान आरक्षक अजय कुमार लकड़ा, आरक्षक दिलीप खलखो, सोनू सिंह , अमेश पैंकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *