डागा बिल्डिंग के पास कंबल छीनने और पेशाब करने की बात को लेकर पत्थर से वार कर हत्या कर फरार आरोपी नदीम उर्फ “जगीरा” गिरफ्तार…

लोक जगत, रायपुर। राजधानी रायपुर पुलिस कमिश्नरेट डीसीपी सेंट्रल जोन एवं डीसीपी क्राइम को बड़ी सफलता मिली हैं। आपको बताते चलें। दिनांक 23 जुलाई 2026 को डागा बिल्डिंग के सामने एक व्यक्ति के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना थाना सिटी कोतवाली को प्राप्त हुई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। मृतक की पहचान जॉनी के रूप में हुई। पोस्टमार्टम में मृत्यु का कारण सिर में आई गंभीर चोटें होना पाया गया। मामले में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 310/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में जांच प्रारंभ की गई। एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा के सुपरविजन में तथा थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सतीश सिंह गहरवार एवं ACCU/क्राइम ब्रांच के नेतृत्व में कोतवाली थाना एवं ACCU/क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम द्वारा घटना की बारीकी से जांच की गई।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल की परिस्थितियों एवं संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर आरोपी की पहचान नदीम खान उर्फ जागीरा के रूप में की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी खानाबदोश प्रवृत्ति का है और डागा बिल्डिंग के पास खुले स्थान पर अन्य लोगों के साथ सोया करता था। घटना की रात मृतक जॉनी शराब के नशे में वहां पहुंचा और आरोपी से कंबल छीनने लगा तथा वहीं पेशाब करने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। विवाद के दौरान आरोपी ने पास में पड़े पत्थर से मृतक के सिर के पीछे 2-3 बार वार किया, जिससे मृतक वहीं गिर पड़ा और अचेत अवस्था में हो गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आरोपी को जब घटना के संबंध में पुलिस कार्रवाई की जानकारी हुई तो वह रायपुर से निकलकर नागपुर की ओर फरार हो गया। आरोपी घूम-घूमकर भिक्षा मांगकर जीवन-यापन करता है तथा किसी एक स्थान पर स्थायी रूप से नहीं रहता, जिसके कारण उसकी तलाश पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण रही। पुलिस टीम द्वारा आरोपी की तलाश में मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया तथा नागपुर एवं आसपास के क्षेत्रों तक जाकर पता साजी की गई। इस दौरान जानकारी मिली कि आरोपी नागपुर एवं आसपास आयोजित होने वाले उर्स में शामिल होकर तथा मजारों के आसपास रुककर पुलिस से बचता रहा।
हुलिया बदलकर रायपुर लौटा, भिक्षुओं की सूचना से पकड़ाया
कुछ समय बाद आरोपी हुलिया बदलकर पुनः रायपुर आया और अलग-अलग स्थानों पर घूमकर भिक्षा मांगते हुए रहने लगा। पुलिस द्वारा लगातार सक्रिय किए गए सूचना तंत्र के दौरान आरोपी के साथ रहने वाले अन्य भिक्षुओं से महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई कि आरोपी हुलिया बदलकर रायपुर में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, जिसे टीम ने पीछा कर घेराबंदी करते हुए पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने घटना के संबंध में महत्वपूर्ण तथ्य स्वीकार किए तथा उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पत्थर एवं अन्य भौतिक साक्ष्यों की बरामदगी कराई गई। आरोपी नदीम खान उर्फ जगीरा को विधिवत गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष रिमांड हेतु प्रस्तुत किया गया।
पुलिस टीम की उल्लेखनीय भूमिका
उक्त प्रकरण में आरोपी की पहचान, नागपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में पतासाजी, सूचना संकलन, घेराबंदी एवं गिरफ्तारी की कार्रवाई में प्रधान आरक्षक प्रेम सागर नेताम, आरक्षक मुकेश सिंह, आरक्षक कमार आलम, आरक्षक शिवराज बघेल एवं आरक्षक गिरिधर प्रजापति की उल्लेखनीय भूमिका रही
गिरफ्तार आरोपी

नदीम खान उर्फ जगीरा, पिता स्व. हमीद खान, उम्र 40 वर्ष, निवासी कब्रिस्तान के बाजू, शहीद हमीद नगर, थाना सिटी कोतवाली रायपुर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *