बिरगांव की 150 फीट विशाल तिरंगा यात्रा बनी देशभक्ति और एकता की मिसाल…

लोक जगत, रायपुर। पार्षद इकराम अहमद ने बताया की स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिरगांव में आयोजित 150 फीट लंबी विशाल तिरंगा यात्रा में ऐतिहासिक जनसैलाब उमड़ा। गाज़ी नगर से शुरू हुई यह यात्रा बॉम्बे बेकरी, नगर निगम कार्यालय, बुधवारी बाजार, बिरगांव मेन रोड और व्यास तालाब चौक होते हुए जौहरे आजम चौक पहुंची। यात्रा के दौरान पूरा बिरगांव देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा नजर आया।

गाज़ी नगर बिरगांव के जौहरे आजम चौक पर डॉ. जौहर मियां शफियाबादी साहब ने तिरंगा फहराया। इस अवसर पर अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष करते हुए देश की आजादी के लिए हमारे हजारों वीर सपूतों ने अपने प्राणों की आहुति दी, तब जाकर हमारा देश आजाद हुआ। आज भी कुछ ताकतें देश की एकता और अखंडता को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं। ऐसे लोगों को पहचानने और उनसे सावधान रहने की आवश्यकता है।

तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों के साथ-साथ बिरगांव के विभिन्न वर्गों के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लिए हजारों लोगों का उत्साह और देशभक्ति का जज्बा देखते ही बन रहा था। अमर शहीदों के जयघोष और राष्ट्रप्रेम के नारों से पूरा बिरगांव गूंज उठा।

150 फीट लंबे तिरंगे के साथ निकली इस विशाल यात्रा ने बिरगांव में एकता, भाईचारे और देशप्रेम की मजबूत मिसाल पेश की। यात्रा के दौरान शहर की सड़कों पर तिरंगे की विशाल छटा दिखाई दी। बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता ने इस आयोजन को बिरगांव के इतिहास का एक यादगार और गौरवपूर्ण अध्याय बना दिया।

इस अवसर पर पार्षद इकराम अहमद ने कहा कि यह यात्रा किसी एक व्यक्ति या संस्था का आयोजन नहीं, बल्कि पूरे बिरगांव की जनता के सामूहिक देशप्रेम, एकता और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जिस उत्साह और उमंग के साथ नागरिकों ने इस यात्रा में हिस्सा लिया, वह बिरगांव की सामाजिक एकता और देश के प्रति सम्मान की भावना को दर्शाता है।

इकराम अहमद ने कहा, “बिरगांव की 150 फीट की विशाल तिरंगा यात्रा में उमड़े ऐतिहासिक जनसैलाब और आप सभी साथियों के अपार सहयोग के लिए हम हृदय से आभारी हैं। आपका प्रेम, उत्साह और देशभक्ति हमेशा याद रहेगी। यह यात्रा आने वाली पीढ़ियों को भी एकता, भाईचारे और राष्ट्रप्रेम का संदेश देती रहेगी।”

उन्होंने यात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं, माताओं-बहनों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, पुलिस, नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा आयोजन से जुड़े सभी साथियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, सम्मान और गौरव का प्रतीक है। बिरगांव की जनता ने जिस उत्साह और सम्मान के साथ तिरंगे को अपने हाथों में लेकर यात्रा में सहभागिता की, वह पूरे शहर के लिए गर्व की बात है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *