युवाओं को अब एक अदद सरकारी नौकरी के लिए बार-बार परीक्षा नहीं देनी होगी । केंद्र सरकार ने अब कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CAT) के जरिये युवाओं का अलग–अलग नौकरियों में चयन करने का निर्णय लिया है । इसके लिए नेशनल रिक्रूटमेंट एजेंसी (NRA) को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी । केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कैबिनेट के फैसलों के बारे में बताते हुए कहा कि देश में करीब 20 रिक्रूटमेंट एजेंसी हैं । इन्हें समाप्त करने का सरकार ने एक ऐतिहासिक फैसला लिया है । नेशनल रिक्रूटमेंट एजेंसी (NRA) अब कॉमन एलिजबिलिटी टेस्ट (CET) लेगी । इसका फायदा नौकरी के लिए आवेदन करने वाले करोड़ों युवाओं को होगा । इसके साथ ही केंद्र सरकार की कैबिनेट बैठक में बैंकिंग, रेलवे और कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) के ग्रुप बी और ग्रुप सी के पदों पर भर्ती के लिए एक ही कॉमन एलिजबिलिटी टेस्ट को मंजूरी दी है । प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि युवाओं की इस वर्षों पुरानी मांग पर लिए गए ऐतिहासिक फैसले से युवाओं की तकलीफ़ भी दूर होगी और उनका पैसा भी बचेगा । युवाओं को अब एक ही परीक्षा से आगे जाने का मौका मिलेगा । इसमें सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को केंद्रीय विभागों एवं संगठनों में भर्ती के लिए अलग–अलग आवेदन नहीं करने होंगे । केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बताया कि कॉमन एंट्रेंस टेस्ट की मेरिट लिस्ट 3 साल तक मान्य रहेगी । इस दौरान उम्मीदवार अपनी योग्यता और पसंद के आधार पर विभिन्न क्षेत्रों में नौकरियों के लिए आवेदन कर सकेगा । उन्होंने कहा कि यह स्वतंत्र भारत के इतिहास में सबसे ऐतिहासिक सुधारों में से एक है। यह भर्ती, चयन, नौकरी में आसानी और विशेष रूप से समाज के कुछ वर्गों के लिए जीवन यापन में आसानी लाएगा।







Leave a Reply