नदी में बही दूसरी महिला का मिला शव

Posted by

सरगुजा। सरगुजा जिले में 19 जून की शाम मैनी नदी में बहे दूसरी महिला का शव रविवार को बरामद किया गया है। महिला का शव घटना स्थल से करीब 4 किलोमीटर दूर मिला। एक महिला का शव शनिवार सुबह नदी के बीच चट्टानों में फंसा मिला था। लापता बच्चों का अब तक पता नहीं चल सका है। पानी कम होने के बाद रेस्क्यू में तेजी आई है। दरअसल, सीतापुर थाना क्षेत्र के ढोढ़ागांव निवासी सोमारी (45), उसकी पोती अंकिता (8), पड़ोसी महिला बीनावती (27) और उसका मासूम बेटा आयरस (3) 19 जून की दोपहर मैनी   नदी पार कर जंगल में पूटू बीनने गए थे। शाम को जब वे वापस लौट रहे थे, तो जशपुर जिले में हुई बारिश के कारण मैनी नदी का जलस्तर बढ़ गया था। नदी को पार करने के दौरान चारों बह गए। शनिवार को ग्रामीणों ने सोमारी का शव बहे स्थान से करीब डेढ़ से दो किलोमीटर दूर नदी के बीच चट्टानों में फंसा देखा था। एसडीआरएफ की टीम ने उफनती मैनी नदी से सोमारी का शव रस्सी से बांधकर बाहर खींचा। वहीं, लापता बीनावती और दो बच्चों की तलाश की जा रही थी। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो भी रेस्क्यू अभियान में शामिल हुए। लापता महिला और बच्चों की तलाश के लिए जशपुर और सरगुजा एसपी से बातचीत की।
रविवार को रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। रविवार शाम को बीनावती का शव बहे स्थल से करीब 3.5 किलोमीटर से 4 किलोमीटर दूर नदी में तैरता मिला। दोनों महिलाओं के साथ बहे बच्चे अंकिता (8 साल) और आयरस (3 साल) का अब तक पता नहीं चल सका है। मैनी नदी जशपुर के मैनी से निकलकर सरगुजा से होकर वापस जशपुर में जाकर ईब नदी में मिल जाती है। आशंका है कि दोनों बच्चे बहकर दूर निकल गए हैं। एसडीआरएफ और पुलिस टीमें ग्रामीणों के साथ दोनों बच्चों की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories