पेरोल से फरार आजीवन कारावासी कैदी संजीत धुर्वे 15 साल बाद गिरफ्तार

Posted by

रायपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को एक बड़ी सफलता मिली है। 15 वर्षों से पेरोल से फरार चल रहे हत्या के आरोपी और आजीवन कारावास की सजा काट रहे कैदी संजीत धुर्वे उर्फ सुजीत को पुलिस ने पकड़ लिया है। प्रकरण के अनुसार, संजीत धुर्वे पिता कार्तिक राम धुर्वे (उम्र 41 वर्ष), निवासी ग्राम खरोरा बरिहापाली, थाना बसना, जिला महासमुंद, रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित विजय नगर अवंति विहार में छिपकर रह रहा था। वर्ष 2010 में वह केन्द्रीय जेल रायपुर से माननीय न्यायालय के आदेशानुसार 15 दिवस की पेरोल पर बाहर आया था, लेकिन निर्धारित अवधि में वापस जेल न लौटकर फरार हो गया था।  पुलिस अधीक्षक (क्राइम) संदीप मित्तल, उप पुलिस अधीक्षक (क्राइम) संजय सिंह और प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने लगातार पतासाजी करते हुए आखिरकार आरोपी को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी को अग्रिम कार्यवाही के लिए थाना देवेंद्र नगर को सुपुर्द कर दिया गया है। पेरोल उल्लंघन के मामले में उसके विरुद्ध थाना देवेंद्र नगर में अपराध क्रमांक 133/2010, धारा 229ए भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज है। इस कार्रवाई में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के सउनि अतुलेश राय, प्र.आर. प्रमोद वर्थी, पुष्पराज परिहार, आर. केशव सिन्हा, राजेन्द्र तिवारी, विक्रम वर्मा, बोधेन्द्र मिश्रा, मनोज सिंह एवं विकास क्षत्रिय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रायपुर पुलिस की यह कार्रवाई लंबे समय से फरार अपराधियों की गिरफ्तारी की दिशा में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories