प्रदेश में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी, इन 13 जिलों में होगी भारी बारिश,

Posted by

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच  20 जून को हुई बारिश से राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम सुहाना हो गया है। आज भी इसका असर देखने को मिल रहा है। रायपुर में सुबह से ही बादल छाये हुये है। हालांकि हवा नहीं चलने से उमस वाली गर्मी का सामना लोगों को करना पड़ रहा है। इन सब के बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के 13 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग की माने तो कांकेर, राजनांदगांव, बालोद, दुर्ग, रायपुर, बेमेतरा, कबीरधाम, बिलासपुर, मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरबा, कोरिया, सूरजपुर में आंधी-तूफान व तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान मौसम विभाग ने बाहर निकलते समय लोगों को सतर्क रहने को कहा है।
तीन जिलों में झमाझम बारिश कि चेतावनी
रायपुर मौसम विभाग ने बलरामपुर, सूरजपुर, बस्तर के लिए हैवी रैन का अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटो के दौरान इन तीन जिलों में झमाझम बारिश हो सकती है। वहीं, सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, कोंडागांव, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर, चांपा, रायगढ़, बलरामपुर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। आंधी तूफान के साथ हल्की बारिश इन जिलों में हो सकती है।मौसम विभाग ने बताया कि केरल से चला मानसून कई दिनों तक बंगाल में अटका था। पिछले 24 घंटे के दौरान इसने रफ्तार पकड़ी। मौसम विभाग ने आगे कहा, मालदा से रक्सौल-भागलपुर होते हुए जल्द ही मानसून के संताल परगना में प्रवेश करने की उम्मीद है। मौसम एजेंसी स्काई मेट वेदर के मुताबिक, महाराष्ट्र छत्तीसगढ़ ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों के कुछ हिस्से, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के बचे हुए हिस्से और बिहार के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं।
उत्तरी पाकिस्तान और आस-पास के इलाकों में समुद्र तल से 3.1 से 5.8 किलोमीटर ऊपर एक ट्रफ के रूप में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण पंजाब और आसपास के क्षेत्रों पर है। उत्तर गुजरात और आसपास के क्षेत्रों पर औसत समुद्र तल से 3.1 और 4.5 किलोमीटर ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण है। पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी पर एक चक्रवाती परिसंचरण है।
पूर्वोत्तर अरब सागर और सौराष्ट्र के आसपास के भागों पर औसत समुद्र तल से 3.1 और 5.8 किलोमीटर ऊपर चक्रवर्ती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। पूर्वोत्तर असम पर एक चक्रवाती परिसंचरण है। एक और चक्रवाती परिसंचरण पूर्वोत्तर बांग्लादेश परिसंचरण आंध्र प्रदेश और आसपास के तेलंगाना पर औसत समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर ऊपर बना हुआ है।
अगले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़, विदर्भ, दक्षिण ओडिशा, कोंकण, गोवा, तटीय कर्नाटक असम, मेघालय, बिहार के कुछ हिस्सों, मध्य प्रदेश और केरल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, पूर्व और मध्य महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, दक्षिण गुजरात, उत्तरी छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर भारत, उत्तर-पश्चिम राजस्थान, लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। रायलसीमा, आंतरिक कर्नाटक और गंगीय पश्चिम बंगाल में हल्की बारिश हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तर-पश्चिम राजस्थान में छिटपुट बारिश, गरज और धूल भरी आंधी संभव है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories