प्रमिल मौसी मेढ़े का निधन, बृजमोहन अग्रवाल ने जताया शोक

Posted by

रायपुर। राष्ट्र सेवा और मातृशक्ति के जागरण को समर्पित जीवन की एक प्रेरणास्पद यात्रा का वंदनीय अवसान हो गया। राष्ट्र सेविका समिति की पूर्व प्रमुख संचालिका वंदनीय प्रमिल मौसी मेढ़े जी के देवलोकगमन से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और समाज ने एक दृढ़ विचारधारा की प्रतिनिधि, स्नेहमयी मार्गदर्शिका और तपस्विनी राष्ट्र सेविका को खो दिया है। लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रमिल मौसी जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह समाचार अत्यंत दुःखद और हृदय विदारक है। उन्होंने कहा कि मौसी जी का संपूर्ण जीवन भारत माता की सेवा, मातृशक्ति के जागरण और सामाजिक चेतना को समर्पित रहा। उनकी सादगी, अनुशासन, मातृत्व भाव और संगठन कौशल से हम सभी स्वयंसेवक सदैव प्रेरणा लेते रहे हैं।  प्रमिल मौसी ने शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में अद्वितीय योगदान दिया। राष्ट्र सेविका समिति के माध्यम से उन्होंने गांव-गांव, घर-घर जाकर महिलाओं में आत्मबल, आत्मगौरव और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध का संचार किया। वे स्त्रियों को संगठित कर उनमें आत्मविश्वास जगाने की एक सशक्त प्रेरणा रहीं। उनकी वाणी में जहां वात्सल्य था, वहीं जीवन में त्याग और तपस्या का अनुपम संगम देखने को मिलता था। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, “आज हम सबने एक मार्गदर्शक, एक स्नेहमयी संरक्षिका और एक दृढ़ राष्ट्रभक्त व्यक्तित्व को खोया है। उनका योगदान अमिट और अपूरणीय है।” उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा, “प्रमिल मौसी को कोटिशः नमन। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।” 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories

  • No categories