जंगल में फंदा लगाकर कर रहे थे शिकार, वन विभाग ने दबोचे दो आरोपी: 3 जंगली मुर्गे बरामद

लोक जगत, गरियाबंद। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के अंतर्गत इंदागांव (धुरवागुड़ी) बफर क्षेत्र में वन विभाग ने अवैध शिकार के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई 2 सितंबर 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

वन विभाग की टीम ने ग्राम डुमाघाट के समीप कक्ष क्रमांक 1213 में घेराबंदी कर दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा। पूछताछ के दौरान उनके पास मौजूद सफेद प्लास्टिक के थैले की तलाशी लेने पर तीन मृत जंगली मुर्गे और तार से बना करीब 53 फीट लंबा फंदा बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपियों ने जंगल में फंदा लगाकर जंगली मुर्गे (झार कुकड़ी) का शिकार करने की बात स्वीकार की। आरोपियों की पहचान हलधर पिता छोटा गोंड और दिलेयर पिता जलधर गोंड, दोनों निवासी ग्राम डुमाघाट, के रूप में बताई गई है।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज…
वन विभाग ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर इंदागांव (धुरवागुड़ी) बफर कार्यालय लाया। अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उनके विरुद्ध पी.ओ.आर. प्रकरण क्रमांक 17/424, दिनांक 03-09-2026 दर्ज कर वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। इसके बाद आरोपियों को न्यायालय प्रथम श्रेणी देवभोग के समक्ष पेश किया गया।
न्यायालय के आदेश के आधार पर दोनों आरोपियों को 14 दिन के रिमांड पर जिला जेल गरियाबंद भेजा गया है।

टीम की रही अहम भूमिका…
पूरी कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी सुशील कुमार सागर, वनक्षेत्रपाल/सहायक परिक्षेत्र अधिकारी राकेश सिंह परिहार, उप वनक्षेत्रपाल एवं विवेचना अधिकारी भूपेंद्र कुमार सोनी सहित वन विभाग के कर्मचारियों की भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *