रायपुर। देश भर में आयोजित किए जा रहे ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के पावन अवसर पर आज रायपुर रेलवे स्टेशन से एक भव्य और ऐतिहासिक आध्यात्मिक यात्रा का शुभारंभ हुआ। प्रदेश के 1,000 से अधिक श्रद्धालुओं को लेकर ‘सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा’ की विशेष ट्रेन बाबा सोमनाथ के दर्शन हेतु रवाना हुई।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, माननीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, विधायक अनुज शर्मा सहित अन्य मंत्री-विधायकों नें हरी झंडी दिखाकर इस विशेष ट्रेन को रवाना किया।इस विशेष यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं में प्रदेश के वरिष्ठ नागरिक, पद्म सम्मान से विभूषित देश-प्रदेश की महान विभूतियाँ, जनप्रतिनिधि, समाज सेवक तथा छत्तीसगढ़ की कई महत्वपूर्ण हस्तियां शामिल हैं। ट्रेन की रवानगी से पूर्व , मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सभी यात्रियों से आत्मीय भेंट की, उनका कुशलक्षेम जाना और इस पावन यात्रा के लिए अपनी हार्दिक मंगलकामनाएं एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
सांस्कृतिक अस्मिता और आस्था का पुनर्जागरण: मुख्यमंत्रीइस अवसर पर मुख्यमंत्री श्रीं विष्णु देव साय ने कहा कि यह यात्रा केवल एक धार्मिक पर्यटन नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक अस्मिता और आस्था के पुनर्जागरण का प्रतीक है। बाबा सोमनाथ के दर्शन कर छत्तीसगढ़ की जनता की खुशहाली, समृद्धि और प्रगति की कामना करने जा रहे सभी श्रद्धालुओं की यात्रा मंगलमय हो।
सनातन संस्कृति और सांस्कृतिक मूल्यों को मिल रही नई ऊंचाई: विधायक अनुज शर्मावही विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि आज का यह दिन हमारे छत्तीसगढ़ के इतिहास में और हम सबके जीवन में एक अत्यंत पवित्र और ऐतिहासिक दिन है। आज रायपुर रेलवे स्टेशन से “सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा” की शुरुआत हो रही है। यह केवल एक ट्रेन या यात्रियों का जत्था रवाना नहीं हो रहा है, बल्कि हमारे छत्तीसगढ़ की आस्था, हमारी श्रद्धा और हमारे अटूट विश्वास का रथ आगे बढ़ रहा है। हमारी सरकार न केवल प्रदेश का विकास कर रही है, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति और सांस्कृतिक मूल्यों को भी एक नई ऊंचाई दे रही है। सोमनाथ का मंदिर हमारे स्वाभिमान का प्रतीक है। यह हमें याद दिलाता है कि आक्रमणकारियों ने हमारे धर्म और संस्कृति को जितने बार मिटाने की कोशिश की, हमारा विश्वास हर बार और भव्य होकर उठ खड़ा हुआ। आज जब हम इस यात्रा के माध्यम से आगे बढ़ रहे हैं, तो हम उसी स्वाभिमान की लौ को अपनी आने वाली पीढ़ियों के दिलों में जलाने का काम कर रहे हैं। हम भाषा, वेशभूषा और क्षेत्रों में भले बंटे हों, लेकिन जब बात हमारे सांस्कृतिक मूल्यों की आती है, तो कश्मीर से कन्याकुमारी तक पूरा भारत एक सुर में ‘हर हर महादेव’ बोल उठता है। सोमनाथ का मंदिर हमारे देश के स्वाभिमान, पुनरुत्थान और अमर आस्था का केंद्र है। जब आप सब वहां पहुंचेंगे, तो आप केवल दर्शन नहीं करेंगे, बल्कि भारत के उस गौरवशाली इतिहास को महसूस करेंगे जिसने हर झंझावात को सहकर भी अपनी सनातन पहचान को अक्षुण्ण रखा है। छत्तीसगढ़ की इस माटी से बाबा सोमनाथ के चरणों में जा रही यह श्रद्धा, हमारे पूरे प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना लेकर जा रही है। इतिहास गवाह है कि जब-जब इस देश की संस्कृति पर प्रहार हुआ, हमारी चेतना ने और अधिक ऊर्जा के साथ पुनर्जन्म लिया। मैं बाबा सोमनाथ से, भगवान शिव से यही प्रार्थना करता हूँ कि आप सभी की यह यात्रा अत्यंत सुखद, मंगलमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो। आप सभी सकुशल यात्रा पूरी कर लौटें और वहां से जो दिव्य ऊर्जा लेकर आएं, उससे हमारा छत्तीसगढ़ और हमारा देश और अधिक सशक्त बने।इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ,विधायक अनुज शर्मा, धरमलाल कौशिक, डॉ. संपत अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे।








Leave a Reply