रायपुर पुलिस का नया हाईटेक सेंटर तैयार, कमिश्नर शुक्ला ने किया ‘संकल्प सभागृह’ का उद्घाटन

लोक जगत, रायपुर। शहर में सुचारू यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और वीआईपी प्रोटोकॉल को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में रायपुर पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। यातायात एवं प्रोटोकॉल कार्यालय परिसर में नवनिर्मित अत्याधुनिक मीटिंग रूम ‘संकल्प सभागृह’ और तीन नए सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) यातायात कार्यालयों का विधिवत उद्घाटन किया गया।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने फीता काटकर नवनिर्मित सुविधाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, पुलिस उपायुक्त क्राइम, पुलिस उपायुक्त ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस ‘संकल्प सभागृह’
उद्घाटन के बाद पुलिस कमिश्नर और वरिष्ठ अधिकारियों ने नवनिर्मित ‘संकल्प सभागृह’ तथा एसीपी कार्यालयों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने यहां उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं और तकनीकी संसाधनों का जायजा लिया।

अत्याधुनिक ऑडियो-विजुअल सिस्टम और डिजिटल कनेक्टिविटी से लैस ‘संकल्प सभागृह’ को यातायात व्यवस्था की दैनिक समीक्षा, आपातकालीन रणनीति तैयार करने, वीआईपी मूवमेंट की ब्रीफिंग और पुलिस बल के प्रशिक्षण के लिए उपयोग किया जाएगा। यह यातायात विभाग के लिए एकीकृत बैठक एवं समन्वय केंद्र के रूप में काम करेगा।

3 नए ACP कार्यालयों से बढ़ेगी फील्ड मॉनिटरिंग
प्रशासनिक विकेंद्रीकरण और कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से दो ACP कार्यालय यातायात एवं प्रोटोकॉल कार्यालय परिसर में, जबकि एक ACP कार्यालय ITMS परिसर में स्थापित किया गया है।

इन नए कार्यालयों के माध्यम से फील्ड ऑपरेशंस की निगरानी, यातायात व्यवस्था से जुड़े मामलों में त्वरित निर्णय और आम नागरिकों की यातायात संबंधी शिकायतों के निराकरण में तेजी लाने का लक्ष्य है।

‘आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर से बढ़ेगी कार्यकुशलता’
इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक बुनियादी ढांचा केवल कार्यकुशलता बढ़ाने का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे टीम भावना, बेहतर समन्वय और त्वरित संवाद को भी मजबूती मिलती है।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से नई सुविधाओं का प्रभावी उपयोग करते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में काम करने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *