अश्वनी नगर क्षेत्र में चाकू मार कर हत्या करने के आरोप में 04 नाबालिग गिरफ्तार…

हत्या के गंभीर प्रकरण में रायपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई।
चंद घंटों में सभी 04 विधि से संघर्षरत बालकों को किया गया गिरफ्तार।
थाना पुरानी बस्ती क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई।
तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की गई।
रायपुर पुलिस एवं RPF के समन्वय से बिलासपुर से 03 तथा रायपुर से 01 विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा गया।
घटना में शामिल सभी 04 विधि से संघर्षरत बालकों को चंद घंटों में गिरफ्तार करने में सफलता।
प्रारंभिक पूछताछ में पुरानी रंजिश/विवाद के चलते घटना को अंजाम देना सामने आया।
पकड़े गए बालकों में से एक पूर्व में लूट के मामले में बाल संप्रेक्षण गृह में निरुद्ध रह चुका है तथा कुछ दिन पूर्व ही वहां से बाहर आया था।

लोक जगत, रायपुर। घटना का विवरण यह है कि दिनांक 30.08.2026 की रात्रि लगभग 11:15 बजे थाना पुरानी बस्ती पुलिस को अश्वनी नगर क्षेत्र में एक युवक के गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई।

सूचना मिलते ही थाना पुरानी बस्ती पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर घायल युवक की पहचान अहमद रजा उर्फ बाबू के रूप में हुई। पुलिस द्वारा उसे तत्काल उपचार हेतु AIIMS अस्पताल, रायपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा जांच उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया गया।

घटना की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए तथा प्रकरण में धारा 103, 191(2), 191(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

विशेष टीम का गठन एवं आरोपियों की पतासाजी…
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी वेस्ट जोन श्री रॉबिन्सन गुड़िया के निर्देशन में थाना पुरानी बस्ती एवं ACCU की विशेष टीम गठित की गई। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।

विशेष टीम द्वारा उपलब्ध तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना एवं अन्य माध्यमों से आरोपियों की लगातार पतासाजी की गई। इसी दौरान पुलिस को जानकारी प्राप्त हुई कि घटना में शामिल कुछ आरोपी रायपुर से बाहर निकलकर बिलासपुर की ओर गए हैं तथा ट्रेन के माध्यम से भागने का प्रयास कर रहे हैं।

RPF के समन्वय से बिलासपुर में कार्रवाई…
पुलिस टीम द्वारा तत्काल RPF से समन्वय स्थापित किया गया तथा प्राप्त सूचना के आधार पर बिलासपुर में घेराबंदी एवं दबिश की कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम की तत्परता से 03 विधि से संघर्षरत बालकों को बिलासपुर से पकड़ा गया। वहीं, रायपुर में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 01 अन्य विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा गया।

इस प्रकार पुलिस द्वारा घटना के कुछ ही घंटों के भीतर हत्या की घटना में शामिल कुल 04 विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई।

प्रारंभिक पूछताछ में पुरानी रंजिश का खुलासा…
प्रारंभिक पूछताछ एवं विवेचना में घटना का कारण पुराना विवाद/आपसी रंजिश होना सामने आया है। पकड़े गए विधि से संघर्षरत बालकों से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

घटना में प्रयुक्त वस्तुओं एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों के संबंध में पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।पकड़े गए विधि से संघर्षरत बालकों में से एक बालक पूर्व में लूट के एक अन्य प्रकरण में बाल संप्रेक्षण गृह में निरुद्ध रह चुका है तथा कुछ दिन पूर्व ही वहां से बाहर आया था। बाहर आने के कुछ ही समय बाद उसके द्वारा उक्त हत्या की घटना में शामिल होना प्रारंभिक जांच में सामने आया है।

प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है। विवेचना के दौरान प्राप्त तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *