करोड़ों खर्च, फिर भी मरीजों का इंतजार! हमर क्लीनिक भवन तैयार, इलाज शुरू नहीं…

लोक जगत, रायपुर। बिरगांव नगर निगम क्षेत्र में आम गरीब और मजदूर परिवारों को घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूर्व कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई ‘हमर क्लीनिक’ योजना आज जिम्मेदारों की लापरवाही की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। कई स्थानों पर क्लीनिक भवन बनकर तैयार हैं, लेकिन लंबे समय बाद भी यहां स्वास्थ्य सेवाएं शुरू नहीं हो सकी हैं।

नगर निगम पार्षद इकराम अहमद ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार एवं तत्कालीन विधायक सत्यनारायण शर्मा के प्रयासों से बिरगांव क्षेत्र में 9 हमर क्लीनिक खोलने की अनुमति मिली थी। इनमें से लगभग तीन क्लीनिक भवन तीन वर्ष से तैयार हैं, लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद से क्लीनिकों का संचालन शुरू नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि सरकार बदल गई, लेकिन गरीबों की परेशानी नहीं बदली। लाखों रुपये खर्च कर भवन तैयार कराने के बाद भी यदि वहां डॉक्टर, नर्स और दवाइयां उपलब्ध नहीं होंगी तो यह जनता के पैसे और गरीबों की उम्मीदों दोनों के साथ अन्याय है।
इकराम अहमद ने कहा कि “जिस योजना का उद्देश्य गरीब मजदूरों को उनके घर के पास मुफ्त और बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देना था, वही योजना आज वर्तमान विधायक उदासीनता का शिकार है।”
उन्होंने विधायक एवं संबंधित विभाग से मांग की कि बिरगांव में तैयार सभी हमर क्लीनिकों का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक स्टाफ एवं दवाइयों की व्यवस्था करते हुए सेवाएं शुरू कराई जाएं। साथ ही बंद पड़े भवनों की सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द स्वास्थ्य सेवाएं शुरू नहीं की गईं तो आम जनता के साथ मिलकर सरकार की इस लापरवाही के खिलाफ जन आंदोलन किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *