चेकिंग दौरान एक आरोपी से 160 पौवा अवैध शराब जप्त…

30 पुराने वाहन चोरों की तस्दीक।

रायपुर। पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री अमित तुकाराम काम्बले के निर्देशानुसार तथा पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला के सतत मार्गदर्शन एवं मॉनिटरिंग में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त (क्राइम एवं साइबर) एवं प्रभारी अधिकारी के नेतृत्व में एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट की 70 सदस्यीय अलग-अलग टीमों का गठन कर विशेष अभियान संचालित किया गया।

दिनांक 24-25.06.2026 की दरम्यानी रात्रि में रायपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निवासरत वाहन चोरी के पुराने आरोपियों की तस्दीक एवं संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन हेतु विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत रात्रि 03ः00 बजे से प्रातः 07ः00 बजे तक शहर के विभिन्न स्थानों पर आकस्मिक चेकिंग एवं सघन जांच की गई।विशेष अभियान के दौरान वाहन चोरी के विभिन्न मामलों से संबंधित कुल 30 पुराने आरोपियों को पकड़कर एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट कार्यालय लाया गया तथा उनकी तस्दीक की गई। साथ ही उनके द्वारा वर्तमान में उपयोग किए जा रहे दोपहिया वाहनों के संबंध में जानकारी एकत्र कर उनका सत्यापन किया गया। पूछताछ एवं सत्यापन उपरांत सभी व्यक्तियों को कड़ी समझाइश दी गई तथा भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक अथवा संदिग्ध गतिविधि में संलिप्त न होने की सख्त हिदायत दी गई। साथ ही उनका डेटा संधारित किया गया। सत्यापन एवं जांच प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात संबंधित व्यक्तियों को नियमानुसार रवाना किया गया।

औचक चेकिंग के दौरान विशेष टीम के सदस्यों द्वारा थाना गंज क्षेत्रांतर्गत गंजपारा स्थित बांसटाल पानी टंकी के पास अवैध रूप से शराब बिक्री करते हुए आरोपी आकाश बेसरा, पिता त्रिनाथ बेसरा, उम्र 26 वर्ष निवासी गोकुल नगर गली नंबर-04 लम्बू चाय दुकान के पास थाना गुढ़ियारी रायपुर को गिरफ्तार कर कब्जे से 160 पौवा अंग्रेजी शराब एवं बिक्री रकम कुल लगभग 20,000/- रूपये जप्त कर आरोपी के विरुद्ध थाना गंज में अपराध क्रमांक 195/2026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही की गई।विगत एक माह में विशेष अभियान के दौरान एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट की टीम द्वारा वाहन चोरी के कुल 16 प्रकरणों में 20 आरोपियों को गिरफ्तार कर कब्जे से 29 नग वाहन कीमती लगभग 18 लाख रूपये जप्त कर आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही की गई। साथ ही रायपुर शहर के विभिन्न स्थानों से लावारिस अवस्था में खड़े 19 नग दोपहिया वाहनों को बरामद कर 05 नग दोपहिया वाहनों को उनके स्वामियों को सुपुर्द किया गया है। शेष वाहनों के स्वामियों की पहचान एवं पता-तलाश की कार्यवाही जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *