मोबाइल चोरी कर UPI से 2.84 लाख रुपए निकालने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 04 आरोपी गिरफ्तार…

लोक जगत, बिलासपुर। मोबाइल चोरी कर उसके जरिए बैंक खातों से ऑनलाइन रकम निकालने वाले चार आरोपियों को थाना चकरभाठा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने मदद करने के बहाने प्रार्थी और उसके दोस्त के मोबाइल फोन चोरी किए और मोबाइल का स्क्रीन लॉक खोलकर उसमें मौजूद गैलरी से आधार कार्ड की जानकारी हासिल की। इसके बाद PhonePe, Paytm सहित अन्य UPI सेवाओं को आधार के जरिए रीसेट कर बैंक खातों से ₹2 लाख 84 हजार की राशि निकालने की घटना को अंजाम दिया गया।

पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चार मोबाइल फोन, एक पावर बैंक, खरीदे गए कपड़े तथा चोरी की रकम में से ₹15 हजार नगद, कुल करीब ₹75 हजार कीमत का मशरूका बरामद किया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

तेज बारिश के दौरान मदद के बहाने चोरी…
पुलिस के अनुसार प्रार्थी सूरज सतनामी ने 25 सितंबर 2026 को थाना चकरभाठा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि 8 सितंबर की रात करीब 11 बजे तेज बारिश के कारण वह इंडियन कॉफी हाउस चकरभाठा के पास रुका था। इसी दौरान वह अचानक बेहोश होकर गिर गया। होश आने पर वह सिम्स अस्पताल में भर्ती था, जबकि उसका दोस्त वहां मौजूद नहीं था। इसी दौरान उसका मोबाइल फोन भी गायब था।

घर पहुंचने के बाद तबीयत खराब होने के कारण उसने दो-तीन दिन बाद दूसरा सिम लेकर मोबाइल में लगाया। इसके बाद उसके मोबाइल पर UPI ट्रांजेक्शन के मैसेज आने लगे। जांच करने पर पता चला कि उसके तथा उसकी मां के बैंक खातों से कुल ₹2 लाख 84 हजार की राशि निकाल ली गई है।

CCTV और बैंक ट्रांजेक्शन से आरोपियों तक पहुंची पुलिस…
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह ने संपत्ति संबंधी अपराधों का त्वरित निराकरण करते हुए चोरी गए मशरूका की बरामदगी के निर्देश दिए।

निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा श्री राजेश जोशी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक भावेश शेन्डे के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल एवं आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही गवाहों के बयान तथा बैंक खातों से संबंधित जानकारी का तकनीकी विश्लेषण किया गया।

जांच के दौरान पुलिस को चार संदिग्धों की गतिविधियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। पुलिस ने उन्हें अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जिसमें घटना से जुड़े तथ्यों का खुलासा हुआ।

संगठित तरीके से करते थे वारदात…
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर संगठित रूप से घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने मदद करने के बहाने मोबाइल चोरी करने के बाद उसका स्क्रीन लॉक खोला और गैलरी में मौजूद आधार कार्ड की फोटो से आधार नंबर की जानकारी हासिल की।

इसके बाद PhonePe, Paytm आदि UPI माध्यमों को आधार से लिंक कर रीसेट किया गया और प्रार्थी तथा उसकी मां के बैंक खातों से रकम निकाली गई। पुलिस के मुताबिक निकाली गई रकम का एक हिस्सा अन्य खातों में ट्रांसफर किया गया, जबकि कुछ राशि ऑनलाइन गेमिंग आईडी में डाली गई। इसके अलावा खाने-पीने, कपड़े खरीदने और कार से घूमने सहित अन्य खर्चों में भी रकम खर्च की गई।

चार आरोपी गिरफ्तार…
पुलिस ने मामले में निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है—

  1. विवेक वर्मा, पिता मनोज वर्मा, उम्र 20 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 09, वर्मा मोहल्ला, चकरभाठा, बिलासपुर।
  2. करन नायक, पिता बलराम नायक, उम्र 18 वर्ष 09 माह 24 दिन, निवासी विकास नगर, वार्ड नंबर 11, चकरभाठा, बिलासपुर।
  3. गौरी शंकर साहू उर्फ लालू, पिता शिव मंगल साहू, उम्र 18 वर्ष 08 माह 05 दिन, निवासी विकास नगर, वार्ड नंबर 12, चकरभाठा, बिलासपुर।
  4. गगन उर्फ शिबू साहू, पिता स्व. राजकुमार साहू, उम्र 25 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 11, चकरभाठा, बिलासपुर।

आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।

₹75 हजार का मशरूका बरामद…
चकरभाठा पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 02 नग Vivo मोबाइल, 01 Poco मोबाइल, 01 iPhone, 01 पावर बैंक, खरीदे गए कपड़े तथा ₹15 हजार नगद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब ₹75 हजार है।

पुलिस की जनअपील…
थाना चकरभाठा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध या अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल डायल 112 अथवा नजदीकी थाना में सूचना दें। साथ ही पुलिस ने नागरिकों से मोबाइल एवं UPI से संबंधित सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *