यूपी चुनाव से पहले सपा का ‘महिला कार्ड’, हर महिला को ₹40 हजार सालाना देने का ऐलान

लोक जगत, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने महिलाओं और बेटियों को साधने के लिए बुधवार को कई बड़े चुनावी ऐलान किए। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और मैनपुरी सांसद डिंपल यादव ने ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ के तहत सत्ता में आने पर प्रदेश की हर महिला को हर साल 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का वादा किया। अखिलेश यादव ने कहा कि भविष्य में इस राशि को और बढ़ाया भी जा सकता है।

पार्टी ने महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ शिक्षा, परिवहन, सुरक्षा और सामाजिक स्वतंत्रता से जुड़े कई अन्य वादे भी किए। सपा के इन ऐलानों को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले महिला मतदाताओं को अपने पक्ष में लामबंद करने की बड़ी कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

हर महिला को सालाना 40 हजार रुपये
डिंपल यादव ने ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ की घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर महिलाओं को 40 हजार रुपये सालाना आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने महिलाओं से पुराने रीति-रिवाजों और सामाजिक बंदिशों में नहीं बंधने तथा अपने सपनों को पूरा करने के लिए आगे बढ़ने की अपील की।

डिंपल ने सपा के PDA की व्याख्या में ‘A’ को ‘आधी आबादी’ से जोड़ते हुए कहा कि महिलाओं का सम्मान और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत करना पार्टी की प्राथमिकता है।

अखिलेश यादव ने कहा कि देश और प्रदेश की तरक्की आधी आबादी की भागीदारी के बिना संभव नहीं है। उन्होंने दावा किया कि सपा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए काम करेगी।

12वीं पास बेटियों को लैपटॉप
अखिलेश यादव ने घोषणा की कि सपा की सरकार बनने पर 12वीं पास करने वाली बेटियों को लैपटॉप दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार के समय भी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप बांटे गए थे।

उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग तकनीक को नहीं समझते, वे भी अब टैबलेट बांटने की बात कर रहे हैं।

छात्राओं के लिए मुफ्त मेट्रो यात्रा का वादा
सपा अध्यक्ष ने महिलाओं और छात्राओं के लिए परिवहन सुविधाओं में सुधार का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि छात्राओं को कार्ड के माध्यम से मेट्रो में मुफ्त यात्रा जैसी सुविधा उपलब्ध कराने पर काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वतंत्र और प्रखर बनना चाहिए तथा उनके आने-जाने की सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा।

बंद किए गए 26 हजार स्कूल फिर खोलने का ऐलान
अखिलेश यादव ने प्रदेश में पहले बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक स्कूलों को दोबारा शुरू करने का वादा किया। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति सुधारने और साइकिल योजना को फिर शुरू करने की घोषणा की गई।

उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर पहले की तरह छात्र-छात्राओं को साइकिल दी जाएगी। महिलाओं के लिए बेहतर सार्वजनिक शौचालय बनाने की बात करते हुए उन्होंने इन्हें सम्मानजनक नाम ‘इज्जतघर’ देने का सुझाव भी दिया।

महिला सुरक्षा को लेकर भाजपा पर हमला
अखिलेश यादव ने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लिए नारी केवल राजनीतिक नारा बनकर रह गई है। उन्होंने सपा सरकार के दौरान शुरू की गई 1090 महिला हेल्पलाइन और 102 एंबुलेंस सेवा का उल्लेख करते हुए इन्हें अपनी सरकार के ठोस कामों में गिनाया।

उन्होंने हाथरस समेत अन्य घटनाओं का जिक्र करते हुए प्रदेश में महिलाओं और बेटियों के साथ कथित अन्याय का मुद्दा उठाया।

महिला आरक्षण तत्काल लागू करने की मांग
अखिलेश यादव ने महिला आरक्षण कानून का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने सवाल किया कि कानून पारित होने के बाद भी इसे लागू करने में देरी क्यों की जा रही है। उन्होंने मांग की कि आगामी चुनाव में ही महिला आरक्षण लागू किया जाए।

महिलाओं की व्यक्तिगत स्वतंत्रता का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं को यह तय करने की आजादी होनी चाहिए कि वे क्या पहनें और किस तरह अपना जीवन जिएं।

सरकार की योजना पर भी साधा निशाना
अखिलेश यादव ने यूपी सरकार की बुजुर्ग महिलाओं के लिए घोषित ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की योजनाओं की जानकारी सरकार तक पहले ही पहुंच जाती है, जिसके बाद सरकार उनसे मिलती-जुलती योजनाएं घोषित कर देती है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी प्रगतिशील विचारों वाली पार्टी है और समय एवं परिस्थितियों के अनुसार खुद को बदलती है। अखिलेश ने PDA को समाज के पीड़ित, दुखी, अपमानित और वंचित लोगों से जोड़ते हुए कहा कि जो भी पीड़ित और वंचित है, वही PDA है।

सपा के इन ऐलानों से साफ है कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में महिलाओं की आर्थिक सहायता, सुरक्षा, शिक्षा, परिवहन और सामाजिक स्वतंत्रता को प्रमुख चुनावी मुद्दा बनाने की तैयारी में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *