,

शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने वाला आरक्षक सुमंत मिरी गिरफ्तार…

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से खाकी को शर्मसार करने वाली एक बड़ी खबर सामने आई है। पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ पिछले तीन वर्षों से लगातार शारीरिक शोषण करने के संगीन आरोप में आरक्षक सुमंत मिरी को धरदबोचा है। आरोपी आरक्षक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी पूर्व में तखतपुर थाने में पदस्थ था और वर्तमान में बिलासपुर लाइन अटैच था।

सोशल मीडिया की दोस्ती बदली प्यार में, फिर किया विश्वासघात…

मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़िता और आरोपी आरक्षक सुमंत मिरी की पहचान वर्ष 2023 में सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की बातचीत दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में तब्दील हो गई। आरोप है कि आरक्षक ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान जब आरोपी का स्थानांतरण बिलासपुर हो गया, तब भी वह लगातार पीड़िता को शादी का झूठा आश्वासन देकर उसका यौन शोषण करता रहा।

शादीशुदा और दो बच्चों का पिता निकला ‘रक्षक’…
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरक्षक सुमंत मिरी पहले से ही शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। आरोपी ने अपनी वैवाहिक स्थिति को पूरी तरह छिपाकर युवती को धोखे में रखा और रक्षक की आड़ में भक्षक की भूमिका निभाता रहा। जब पीड़िता ने उस पर शादी करने का दबाव बनाया, तो आरोपी आरक्षक का व्यवहार अचानक बदल गया और वह पीड़िता से विवाद कर दूरी बनाने लगा।

पीड़िता की शिकायत पर तखतपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई…
आरक्षक के धोखे और उसकी सच्चाई सामने आने के बाद पीड़िता ने हिम्मत दिखाई और तखतपुर थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी आरक्षक को गिरफ्तार कर लिया।
मामले की पुष्टि करते हुए तखतपुर थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने बताया कि:

“आरक्षक के खिलाफ युवती की रिपोर्ट पर दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है । आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है ।”
पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों का कहना है कि विभाग की छवि धूमिल करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories