,

सोने के लॉकेट और नकदी चोरी का आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे…

मुंगेली। संपत्ति संबंधी अपराधों के त्वरित निराकरण और अपराधियों की धरपकड़ को लेकर मुंगेली पुलिस लगातार एक्शन मोड में नजर आ रही है। इसी कड़ी में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए चोरी के एक बड़े मामले का महज 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही चोरी गए 11 नग सोने के लॉकेट और ₹2,000 की नकद राशि शत्-प्रतिशत बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

मामले की पृष्ठभूमि के अनुसार, दिनांक 01 जुलाई 2026 को प्रार्थी मनीष अनंत (निवासी फंदवानीकांपा, थाना सिटी कोतवाली, जिला मुंगेली) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि दिनांक 29 जून 2026 को जब वह बाजार गया था, तब अज्ञात चोरों ने उसके सूने मकान की अलमारी का लॉकर खोलकर उसमें रखे ₹2,000 नकद और 11 नग सोने के लॉकेट पार कर दिए थे। प्रार्थी की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 209/2026 के तहत बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 332(सी) एवं 305 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।मुंगेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के कड़े निर्देशों और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि इस वारदात में प्रार्थी के परिवार से ही ताल्लुक रखने वाले एक विधि से संघर्षरत बालक और हेमंत अनंत नामक युवक की संलिप्तता है।

पुलिस टीम ने जब संदेही बालक से उसके पिता की उपस्थिति में कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। बालक ने खुलासा किया कि उसने अपने पारिवारिक चाचा के घर की अलमारी से चाबी निकालकर लॉकर में रखे सोने के जेवरात और पैसे चोरी किए थे। उसने आगे बताया कि पकड़े जाने के डर से उसने यह सारा सामान अपने साथी आरोपी हेमंत अनंत के पास सुरक्षित रखने के लिए छुपा दिया था।बालक की निशानदेही पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हेमंत अनंत (उम्र 27 वर्ष, पिता जगजीवन अनंत, निवासी फंदवानीकांपा) को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। आरोपी हेमंत ने भी चोरी के लॉकेट अपने पास छुपा कर रखना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके पास से 11 नग सोने के लॉकेट बरामद कर विधिवत जब्त कर लिए। मामले में आरोपी हेमंत अनंत के खिलाफ बीएनएस की धारा 317(5) भी जोड़ी गई है। पुलिस ने हेमंत अनंत को 03 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर आज 04 जुलाई 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, विधि से संघर्षरत बालक को पृथक रूप से किशोर न्यायालय मुंगेली के समक्ष प्रस्तुत कर बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया है।

इस पूरी त्वरित व प्रसंशनीय कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी/निरीक्षक कातेकेश्वर जांगड़े, उप निरीक्षक पारख साहू, प्रधान आरक्षक राजेश बंजारे सहित आरक्षक अरुण साहू, अजय चंद्राकर, योगेश यादव, विकास ठाकुर, मनोज टंडन और चंद्रसेन की महत्वपूर्ण व सराहनीय भूमिका रही। मुंगेली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में बीट प्रणाली को मजबूत बनाकर संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories