रायपुर : छत्तीसगढ़ में अवैध तरीके से कॉस्मेटिक सामान बेचने का बड़ा मामला सामने आया है। यह सामान नेपाल से बिहार के रास्ते रायपुर लाया गया है। इस पूरे कारोबार में टैक्स की भारी चोरी की जा रही है। विभाग को जानकारी मिली है कि स्वतंत्रता दिवस की सेल में इसे खपाना था। 15 अगस्त को शॉपिंग मॉल और दुकानों में भारी छूट दी जाती है। तस्करों ने इसी का फायदा उठाने के लिए रायपुर में माल डंप कर दिया।

अफसरों के मुताबिक रायपुर में दो करोड़ रुपए से ज्यादा का सामान पहुंचा है। इस सामान पर 12 से 18 प्रतिशत तक टैक्स लगता है। टैक्स बचाकर कारोबारी अवैध मुनाफा कमाने की फिराक में थे। विभाग की टीम अब अलग-अलग जगहों पर लगातार छापेमारी कर रही है। रायपुर समेत राज्य के कई बड़े शहरों में जांच अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध कारोबारियों की सूची तैयार कर ली गई है।
नेपाल और भारत के रुपए की कीमत में काफी अंतर होता है। भारत का 100 रुपए नेपाल में 160 रुपए के बराबर होता है। इस वजह से नेपाल से सामान खरीदना काफी सस्ता पड़ता है। तस्कर नेपाल के सीमावर्ती जिलों से सामान बिहार में लाते हैं। इसके बाद माल दिल्ली, रांची और नागपुर भेजा जाता है। फिर वहां से इस स्टॉक को छत्तीसगढ़ के बाजारों में पहुंचा दिया जाता है।
नेपाल में बिकने वाले सामान की पैकिंग भारत जैसी ही होती है। इनका एमआरपी, रंग और लिखावट पूरी तरह एक समान रहता है। ये प्रोडक्ट्स नामी कंपनियों के और बिल्कुल असली होते हैं। इस वजह से खुले बाजार में इनकी चोरी आसानी से नहीं पकड़ी जाती। अगर सामान जब्त भी हो जाए, तो टैक्स चोरी साबित करना कठिन होता है। इसलिए अफसर अब बिना बिल के होने वाले लेनदेन की जांच कर रहे हैं।
कारोबारी अपने बही-खाते पेन ड्राइव, डायरी और मोबाइल में रख रहे हैं। जांच टीम जब छापा मारती है, तो वे इन्हें नष्ट कर देते हैं। इससे सबूत जुटाने में अफसरों को काफी परेशानी हो रही है। विभाग ने अब इस तरह के स्टॉक को पकड़ने के लिए विशेष टीम बनाई है। दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।







Leave a Reply