कोलकाता के होटल में आग लगने से नौ लोगों की मौत…

लोक जगत, कोलकाता। कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके की फ्री स्कूल स्ट्रीट स्थित होटल में मंगलवार-बुधवार की मध्यरात्रि भीषण आग लगने से एक बच्चे समेत नौ लोगों की मौत हो गई। हादसे में छह अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर दमकल की चार गाड़ियों और आपदा प्रबंधन टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया और आग पर काबू पाया।

अग्निशमन विभाग के मुताबिक, आग रात में करीब दो बजे मिर्जा गालिब स्ट्रीट के पास स्थित होटल में लगी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, होटल से सबसे पहले धुआं निकलता दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि आग होटल से बाहर निकलने वाले रास्ते के आसपास फैल गई थी। आधी रात के समय आग लगने के कारण होटल में ठहरे कई लोगों को घटना की जानकारी देर से हुई। धुएं के कारण कई लोग होटल के अंदर फंस गए।

दमकलकर्मियों ने राहत अभियान चलाकर लोगों को बाहर निकाला। नौ लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है। रिपोर्टों के अनुसार, मृतकों में बांग्लादेशी नागरिक भी थे, जो इलाज के लिए कोलकाता आए हुए थे। आग लगने की वजह को लेकर फिलहाल आधिकारिक तौर पर कुछ स्पष्ट नहीं किया गया है।

शुरुआती तौर पर एसी में खराबी या धमाके को आग लगने की संभावित वजह बताया जा रहा है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। न्यू मार्केट थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर मौजूद रही और हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *