छत्तीसगढ़ में अगले दो दिन बारिश के आसार, 18% कम हुई मानसूनी वर्षा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी बनी हुई है, लेकिन मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में उत्तर और मध्य क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में अधिकतम 3 सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई, जबकि कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। अब तक राज्य में औसत से करीब 18 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के प्रभाव के कारण मानसूनी गतिविधियां कुछ कमजोर हुई हैं। हालांकि नए मौसम तंत्र के सक्रिय होने के बाद बारिश में तेजी आने की उम्मीद है। विशेषज्ञों का कहना है कि जम्मू-कश्मीर के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ ने अरब सागर से आने वाली नमी वाली हवाओं को अपनी ओर खींच लिया है, जिससे फिलहाल प्रदेश में बारिश का दायरा सीमित हो गया है।

राजधानी रायपुर में शनिवार को आसमान में सामान्य रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। शुक्रवार को तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई और रायपुर व दुर्ग प्रदेश के सबसे गर्म शहर रहे। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने शनिवार सुबह 10 बजे तक कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर सहित कई जिलों में हल्की वर्षा का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों को मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *