सक्ती। सक्ती जिले में शुक्रवार सुबह दिनदहाड़े एक 25 वर्षीय युवती की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान पूर्णिमा चौहान (25) के रूप में हुई है। वह पिछले चार वर्षों से पंजाब स्थित एक निजी कंपनी स्वामिनी प्राइवेट लिमिटेड में कार्यरत थी और इन दिनों अपने घर आई हुई थी।
घर में घुसकर की ताबड़तोड़ फायरिंग…
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे बाइक पर सवार दो युवक पूर्णिमा के घर पहुंचे। इनमें से एक युवक हथियार लेकर घर के अंदर गया, जबकि दूसरा बाहर खड़ा रहा। अंदर पहुंचे युवक ने परिवार के सदस्यों से पूर्णिमा के बारे में पूछताछ की। इसी दौरान पूर्णिमा बाहर आई तो आरोपी ने उस पर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर दी। गोली पूर्णिमा के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।
फायरिंग की आवाज सुनकर बाहर आए परिजन…
गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य अपने-अपने कमरों से बाहर आए। उन्होंने पूर्णिमा को खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा देखा। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जांच में जुटी पुलिस…
प्रारंभिक जांच के तहत पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। हत्या के पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं, जिनमें व्यक्तिगत रंजिश और अन्य कारण भी शामिल हैं, की जांच कर रही है। फिलहाल, सक्ती थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।








Leave a Reply