लोक जगत, पत्थलगांव। ग्राम पंचायत कछार में पंचायत बैठक के दौरान सरपंच-सचिव के साथ कथित मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में सरपंच संघ एवं सचिव संघ के पदाधिकारी बड़ी संख्या में पत्थलगांव थाना पहुंचे और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ शीघ्र एवं कठोर कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन के अनुसार ग्राम पंचायत कछार की सरपंच श्रीमती संगीता नाग एवं सचिव श्री रामनिवास सूर्यवंशी पंचायत बैठक में मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान श्रीमती पुष्पा चौहान एवं पवन चौहान पंचायत भवन के अंदर पहुंचे और विवाद के दौरान गाली-गलौज करते हुए चप्पल एवं डंडे से मारपीट की गई। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना के संबंध में सरपंच/सचिव द्वारा थाना पत्थलगांव में रिपोर्ट की गई है।
थाने में एकजुट दिखा सरपंच-सचिव संघ…
घटना के बाद पंचायत प्रतिनिधियों में आक्रोश देखा गया। बड़ी संख्या में सरपंच, सचिव एवं पंचायत प्रतिनिधि एकजुट होकर थाना पहुंचे और पुलिस से मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि पंचायत प्रतिनिधि ग्रामीणों के बीच रहकर सरकारी योजनाओं एवं पंचायत के कार्यों का संचालन करते हैं। ऐसे में पंचायत भवन में ही उनके साथ कथित मारपीट की घटना गंभीर चिंता का विषय है।
तीन दिन का अल्टीमेटम, कार्रवाई नहीं तो आंदोलन…
सरपंच-सचिव संघ ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि मामले में आरोपियों के खिलाफ जल्द कठोर कार्रवाई की जाए। यदि तीन दिवस के भीतर कार्रवाई नहीं होती है तो संघ द्वारा आंदोलन किए जाने की चेतावनी दी गई है।







Leave a Reply