लोक जगत, रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के मध्य जोन में आपराधिक एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगभग प्रत्येक दिन अभियान स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। विशेष रूप से चिन्हांकित चाकूबाजों एवं पुराने बदमाशों की गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने वालों तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध त्वरित वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में बुधवार, दिनांक 23.09.2026 को मध्य जोन के थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 03 आर्म्स एक्ट एवं 01 सट्टा प्रकरण में कुल 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।थाना सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि गांधी नगर कालीबाड़ी क्षेत्र में एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल घेराबंदी कर रणवीर सेंदरे उर्फ रेमो, पिता रिक्कू सेंदरे, उम्र 19 वर्ष, निवासी गांधी नगर कालीबाड़ी, थाना सिटी कोतवाली, रायपुर को पकड़ा गया। उसके कब्जे से 11.5 इंच लंबा धारदार चाकू बरामद कर धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।इसी प्रकार थाना गंज पुलिस द्वारा अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए परमेश्वर साहू, पिता रोहित कुमार साहू, उम्र 21 वर्ष, निवासी बरोंडा चौक, मलेरिया ऑफिस के पास, महासमुंद तथा सोमू साहू, पिता ललितराम साहू, उम्र 19 वर्ष, निवासी भलेसर, थाना सिटी कोतवाली, जिला महासमुंद को धारदार चाकू के साथ पकड़ा गया। दोनों के कब्जे से क्रमशः 13.6 इंच एवं 13.5 इंच लंबे धारदार चाकू बरामद किए गए। दोनों के विरुद्ध धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत पृथक-पृथक कार्रवाई की गई।थाना मौदहापारा पुलिस द्वारा ललिता चौक के पास सट्टा खेलने-खिलाने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए रवि डोरेले, पिता इतवारी डोरेले, उम्र 48 वर्ष, निवासी रामकुंड छोटी किराना के पास, थाना आजाद चौक, रायपुर को पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से Samsung Galaxy मोबाइल फोन एवं नगदी ₹1,400, कुल लगभग ₹6,400 का मशरूका बरामद किया गया। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।मध्य जोन पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने वालों, अवैध शराब की बिक्री करने वालों, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों तथा पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। चिन्हांकित चाकूबाजों एवं पुराने बदमाशों की गतिविधियों की लगातार जानकारी लेकर आवश्यकता अनुसार प्रतिबंधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
बुधवार की कार्रवाई में 03 आर्म्स एक्ट प्रकरणों में 03 आरोपी एवं 01 सट्टा प्रकरण में 01 आरोपी सहित कुल 04 आरोपी गिरफ्तार किए गए तथा 03 धारदार चाकू, 01 मोबाइल फोन एवं ₹1,400 नगद बरामद किया गया।मध्य जोन पुलिस द्वारा आपराधिक एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान स्तर पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।







Leave a Reply