मैग्नेटो मॉल में गूंजा हनुमान चालीसा पाठ, 360 लोगों ने देखी ‘हनुमान अंश’

लोक जगत, रायपुर। राजधानी रायपुर के मैग्नेटो मॉल में धार्मिक एवं सामाजिक भावनाओं से जुड़ा विशेष आयोजन किया गया। वरिष्ठ समाजसेवक बसंत अग्रवाल के नेतृत्व में करीब 360 लोगों ने ‘हनुमान अंश’ फिल्म का सामूहिक रूप से प्रदर्शन देखा। फिल्म शुरू होने से पहले उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।

आयोजन में छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महंत राजीव लोचन दास विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा बागेश्वर धाम शिष्य मंडल, गुढ़ियारी सार्वजनिक दहीहंडी उत्सव समिति सनातन सेना तथा मां भारती विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस अवसर पर समाजसेवी बसंत अग्रवाल ने कहा कि हनुमान जी भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा के प्रतीक हैं। युवाओं और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं धार्मिक विरासत से जोड़ना आज की आवश्यकता है। ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्में हमारी संस्कृति और भगवान श्री हनुमान के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बन सकती हैं।

उन्होंने कहा कि सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करने से लोगों में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक भाव का संचार होता है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में एकता, संस्कार और सनातन मूल्यों को मजबूत करने का प्रयास किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। फिल्म प्रदर्शन के दौरान भी लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकजुटता का संदेश भी दिया गया।

इस दौरान श्रवण शर्मा पुष्पेंद्र उपाध्याय, आज़ाद गुर्जर, हेमेंद्र साहू, रमेश बंसल, संजय अग्रवाल, विवेक अग्रवाल, शैलेश शर्मा, राकेश शर्मा, अभिषेक अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *