लोक जगत, रायपुर। वर्षा के बीच प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री बलराम प्रसाद वर्मा ने केंद्रीय जेल रायपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल में निरुद्ध विचाराधीन एवं सजायाफ्ता बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।
न्यायाधीश ने बंदियों को उनके विधिक अधिकार, निःशुल्क अधिवक्ता की सुविधा, जमानत एवं जेल अपील से संबंधित जानकारी प्रदान की। किसी भी बंदी को विधिक सहायता की आवश्यकता होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित लीगल एड क्लीनिक एवं लीगल हेल्प डेस्क के माध्यम से सहायता प्राप्त करने की जानकारी भी दी गई।

महिला बंदियों की समस्याओं पर विशेष ध्यान…
निरीक्षण के दौरान महिला बंदियों से भी मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानी गईं। जेल प्रशासन को महिला बंदियों की आवश्यक सुविधाओं, स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत जरूरतों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा…
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने जेल परिसर में साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, भोजन, स्वास्थ्य एवं उपचार संबंधी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। आवश्यक सुधार एवं सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए जेल प्रशासन को निर्देशित किया गया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री आनंद कुमार सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री अविनाश कुमार दुबे, जेल अधीक्षक योगेश क्षत्रीय सहित जेल प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







Leave a Reply