लोक जगत, रायपुर। विवरण यह है कि प्रार्थी राहुल गौतम ने थाना सिलतरा में रिपोर्ट दर्ज कराया कि दिनांक 09.08.2026 को वह ग्राम सांकरा स्थित एटीएम से 22,500 निकालकर राशि को अपनी पैंट की जेब में रखकर घर जा रहा था। दोपहर करीब 12ः00 बजे सिलतरा रोड स्थित तिरूमाला बालाजी कंपनी के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया तथा उससे पैसे मांगते हुए गाली-गलौज एवं मारपीट करने लगे। इसी दौरान आरोपियान प्रार्थी के गर्दन पर चाकू रखकर उसकी जेब में रखें नगदी रकम 22,500 रूपये एवं वीवो कंपनी का मोबाइल फोन लूट कर तीनों आरोपी मोटरसाइकिल से सांकरा की ओर फरार हो गए। आरोपियों द्वारा की गई मारपीट से प्रार्थी के दाहिने हाथ की कलाई सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध थाना सिलतरा में अपराध क्रमांक 23/26 धारा 309(4), 309(6), 111 बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
घटना को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रायपुर श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा द्वारा गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्री अभिषेक झा, उप पुलिस अधीक्षक माना श्री लम्बोदर पटेल तथा थाना प्रभारी सिलतरा उपनिरीक्षक श्री राजेन्द्र सिंह कंवर को अज्ञात आरोपियों की पतासाजी कर शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए।वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं थाना प्रभारी सिलतरा के नेतृत्व में थाना सिलतरा पुलिस की टीम द्वारा तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रार्थी सहित आसपास के लोगों से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की गई।

पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए तथा आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए मुखबिर लगाया गया। आरोपियों द्वारा घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन के संबंध में भी जानकारी एकत्र की गई तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपियों की पहचान एवं पतासाजी के प्रयास लगातार किए जा रहे थे।इसी दौरान पुलिस टीम को घटना में संलिप्त आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। प्राप्त सूचना एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम द्वारा ग्राम सांकरा निवासी आरोपी सतीश कुर्रे, सत्यप्रकाश टण्डन एवं संदीप कुर्रे उर्फ चीनी को पकड़कर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा उक्त घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कब्जे से लूट की रकम में से 6,100/- रूपये तथा घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल एवं चाकू जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया।
गिरफ्तार आरोपी –
01. सतीश कुर्रे पिता स्व. जगमोहन कुर्रे उम्र 22 साल निवासी ग्राम सांकरा सतनामी पारा थाना सिलतरा जिला रायपुर।
02. सत्यप्रकाश टण्डन पिता सुरेश टण्डन उम्र 20 साल निवासी ग्राम सांकरा जय स्तंभ चौक पास थाना सिलतरा जिला रायपुर।
03. संदीप कुर्रे उर्फ चीनी पिता हरिचंद कुर्रे उम्र 23 साल निवासी ग्राम सांकरा सतनामी पारा थाना सिलतरा जिला रायपुर।







Leave a Reply