लोक जगत, बिलासपुर/कोटा। जिले में अवैध शराब, गांजा सहित अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “चेतना विरुद्ध नशा” एवं “प्रहार अभियान” के तहत कोटा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम लोकबंद में दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार 20 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम लोकबंद में एक व्यक्ति अपने कब्जे में बड़ी मात्रा में अवैध कच्ची महुआ शराब रखकर उसे बिक्री करने की तैयारी में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह (रा.पु.से.) एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा श्रीमती नुपूर उपाध्याय (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर ग्राम लोकबंद में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आरोपी मोहित बघेल पिता भगवानी बघेल, उम्र 43 वर्ष, निवासी ग्राम लोकबंद, थाना कोटा, जिला बिलासपुर के कब्जे से अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक सफेद रंग के 15 लीटर क्षमता वाले प्लास्टिक डिब्बे में भरी 15 लीटर, दूसरे प्लास्टिक डिब्बे में 13 लीटर, पांच लीटर क्षमता वाली प्लास्टिक बाल्टी में 2 लीटर तथा पांच लीटर क्षमता के स्टील के बर्तन में 4 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की।
इस प्रकार पुलिस ने कुल 34 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत ₹6,800 बताई गई है, जब्त की। मामले में अपराध क्रमांक 690/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन करने वालों पर पुलिस की लगातार नजर है और सूचना मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
इनकी रही विशेष भूमिका…
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक क्रमांक 1040 विनोद यादव, आरक्षक क्रमांक 1356 संजय श्याम, आरक्षक क्रमांक 1092 सुनील पटेल तथा आरक्षक क्रमांक 1136 दीप सिंह कंवर की विशेष भूमिका रही।
कोटा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।








Leave a Reply