तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत, दो गंभीर…

Posted by

 

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। गौरेला थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
 
हादसा उस वक्त हुआ जब गलत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी।
 
जानकारी के अनुसार, पिपरिया निवासी भरत सिंह, छोटेलाल और सुखराम बाइक से नदी किनारे से लौट रहे थे। इसी दौरान पड़खुरी की ओर से आ रहे नागर लगे ट्रैक्टर (CG-31-B-3803) ने लापरवाहीपूर्वक गलत दिशा में आकर बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैक्टर चालक नशे में था, जिससे हादसा और भी भयावह हो गया।
 
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक ट्रैक्टर के पहियों और कृषि यंत्र की चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों और डायल 112 की मदद से घायलों को जिला अस्पताल गौरेला पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान भरत सिंह ने दम तोड़ दिया। वहीं छोटेलाल और सुखराम की हालत गंभीर होने पर उन्हें बिलासपुर रेफर किया गया है।
 
घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 279, 337 और 304-A के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और नशे में वाहन न चलाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *