हनुमान जन्मोत्सव पर आयोजित शोभायात्रा में अरुण वोरा हुए शामिल…

Posted by

 

दुर्ग। दुर्ग में हिन्दू युवा मंच द्वारा भगवान श्री हनुमान जी के पावन जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य एवं विराट शोभायात्रा तथा महाआरती का दिव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा, जय श्री राम और हनुमान जी के जयकारों से शहर गूंजायमान रहा। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, ध्वज, ढोल-नगाड़ों की गूंज और श्रद्धालुओं की अपार आस्था ने आयोजन को अद्वितीय बना दिया। हजारों की संख्या में श्रद्धालु, युवा, महिलाएं एवं बुजुर्ग बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ शामिल हुए।
 
इस अवसर पर दुर्ग के विधायक रहे, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा भी उपस्थित हुए। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि विगत 16 वर्षों से हिन्दू युवा मंच द्वारा इस प्रकार का भव्य एवं अनुशासित आयोजन निरंतर किया जा रहा है, जो न केवल हमारी धार्मिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का कार्य कर रहा है, बल्कि समाज में एकता, समरसता को भी सुदृढ़ कर रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री हनुमान जी शक्ति, भक्ति, सेवा और समर्पण के प्रतीक हैं, और उनका यह पावन पर्व हमें सदैव धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
 
उन्होंने आयोजन समिति के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों को इस सफल एवं भव्य आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं, साथ ही भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ ऐसे आयोजनों को निरंतर आगे बढ़ाने की अपेक्षा व्यक्त की।
 
इस अवसर पर उनके साथ फतेह सिंह भाटिया, राजकुमार पाली एवं राहुल अग्रवाल सहित अन्य नागरिक एवं श्रद्धालुगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *