दो बहनों समेत चार बच्चियां नहर में डूबीं, दो के शव मिले

Posted by

कटनी। कटनी में नहर में नहाने गईं चार बच्चियां डूब गईं। एक बच्ची को वहां मौजूद ग्रामीण ने बचा लिया। बाकी तीनों गहरे पानी में डूब गईं। दो बच्चियों के शव को पुलिस और होमगार्ड ने रेस्क्यू कर लिया है। वहीं तीसरी बच्ची की तलाश में रेस्क्यू टीम जुटी हुई है। घटना उमरियापान थाना क्षेत्र के परसवा गांव में रविवार दोपहर की है। चारों बच्चियां बरगी दाईं तट पर नहाने पहुंची थी। बच्चियां नहर में नहा रही थी। देखते ही देखते गहरे पानी में डूब गईं। दरअसल, सिद्धिका (12) और मानवी (8) पिता मनोज लोधी, अंशिका (13) पिता बसंत पटेल और अनन्या (12) पिता अजय पटेल निवासी परसवारा नहर में नहाने गई थीं। जहां पर नहाते वक्त सिद्धिका, मानवी और अंशिका नहर में डूब गईं। घटना की सूचना पर पुलिस और होमगार्ड की टीम रेस्क्यू करने पहुंची। टीम ने सिद्धिका और अंशिका के शव को बाहर निकाल लिया। वहीं मानवी का अभी तक कुछ पता नहीं चल सका है। रेस्क्यू टीम उसकी तलाश में जुटी है। सिद्धिका (12) सातवीं और मानवी (8) कक्षा तीसरी की छात्रा थी। उसका एक 4 साल का छोटा भाई है।  दोनों के पिता मनोज लोधी मुंबई में वहीं मजदूरी करते हैं। मां घर में थी। जबकि अंशिका पिता बसंत पटेल (13) 9वीं और अनन्या पिता अजय पटेल (12) 6वीं में पढ़ती है। दीपचंद दहिया ने बताया कि रानी अवंतिबाई नहर के पास ही मेरा खेत है। मैं वहा धनियां काट रहा था। गांव की एक बहू मेरे पास दौड़ते हुए आई। उसने कहा कि चाचा, जल्दी चलिए, नहर में लड़की डूब रही है। मैं तत्काल दौड़ते हुए आया। इसमें एक लड़की ऊपर दिख रही थी। उसे सुरक्षित निकाला। बाकी बच्चियां नहीं दिख रही थीं। मैंने शोर मचाकर गांव वालों को इकट्‌ठा किया। गांव वाले आए। दो बच्चियों के शव निकाल लिए। एक का पता नहीं चल सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *