
रायपुर। पुलिस कमिश्नर महोदय के निर्देशन में संचालित पिंक पेट्रोल यूनिट द्वारा मानवीय संवेदनशीलता एवं तत्परता का परिचय देते हुए एक बिछड़े हुए मासूम बच्चे को उसकी मां से सुरक्षित मिलाया गया।
दिनांक 16/6/2026 को मरही माता मंदिर पॉइंट के पास मध्य जोन के पिंक पेट्रोल यूनिट को लगभग 4-5 वर्ष का एक बालक लावारिस अवस्था में रोते हुए मिला। टीम द्वारा बच्चे को सुरक्षित रोककर उससे पूछताछ की गई। पूछने पर बच्चे ने अपना नाम आराध्य गुप्ता बताया, किंतु वह घबराया हुआ होने के कारण अपनी मां एवं अन्य जानकारी स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहा था। पिंक पेट्रोल यूनिट द्वारा बच्चे को साथ लेकर आसपास के क्षेत्र में उसकी मां एवं परिजनों की तलाश की गई। लगातार खोजबीन एवं पूछताछ के दौरान बच्चे की मां पिंकी गुप्ता, पति स्वर्गीय राजेश गुप्ता, उम्र 28 वर्ष, निवासी भैरव नगर, संतोषी नगर, रायपुर, मेकाहारा परिसर के अंदर मिली, जो अपने बच्चे को ढूंढ रही थी। महिला ने बताया कि वह अपने इलाज के लिए मेकाहारा आई हुई थी। इसी दौरान भीड़-भाड़ में उसका बच्चा हाथ छुड़ाकर कहीं चला गया था, जिसकी वह पिछले लगभग 3-4 घंटे से तलाश कर रही थी, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पा रहा था।
बच्चे द्वारा महिला को अपनी मां के रूप में पहचानने एवं आवश्यक पुष्टि के उपरांत पिंक पेट्रोल टीम द्वारा बालक आराध्य गुप्ता को सकुशल उसकी मां के सुपुर्द किया गया। अपने बच्चे को सुरक्षित पाकर महिला ने रायपुर पुलिस एवं पिंक पेट्रोल टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।रायपुर पुलिस नागरिकों की सुरक्षा एवं सहायता हेतु सदैव तत्पर है।







Leave a Reply