Uncategorized 25-Jul-2026

अंबिकापुर में 15 वर्षीय छात्र की हत्या का मामला

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र स्थित टिहरी जंगल में 9वीं कक्षा के एक छात्र की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। अज्ञात हमलावरों ने छात्र के चेहरे को भारी पत्थर से कुचल दिया। उसके पैर में भी गंभीर चोट के निशान मिले हैं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम सलका निवासी 15 वर्षीय वीरेंद्र कंवर गुरुवार शाम घर से खेलने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

शुक्रवार सुबह टिहरी जंगल में योग करने पहुंचे लोगों ने एक किशोर का शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि छात्र के चेहरे को भारी पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या की गई है। शव पर अन्य चोटों के भी निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हो गई है।

पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान सलका हाईस्कूल में कक्षा 9 के छात्र वीरेंद्र कंवर के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हत्या के कारणों और आरोपियों का पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

एक टिप्पणी दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

संबंधित खबरें