लोक जगत, बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की कमी दूर होने की उम्मीद बढ़ गई है। हाईकोर्ट कॉलेजियम ने तीन न्यायिक अधिकारियों को न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है। कॉलेजियम की बैठक में संतोष शर्मा, सुषमा सावंत और सुधीर कुमार के नाम जज पद के लिए सुझाए गए हैं।

तीन न्यायिक अधिकारियों के नाम की सिफारिश
कॉलेजियम की सिफारिश के बाद अब इन नामों पर नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। अंतिम मंजूरी मिलने के बाद तीनों न्यायिक अधिकारी छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभाल सकेंगे।
22 पद स्वीकृत, अभी 13 जज कार्यरत
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में न्यायाधीशों के कुल 22 पद स्वीकृत हैं, जबकि वर्तमान में 13 न्यायाधीश कार्यरत हैं। ऐसे में तीन नए न्यायाधीशों की नियुक्ति होने पर हाईकोर्ट में कार्यरत जजों की संख्या बढ़कर 16 हो जाएगी।
न्यायाधीशों की कमी का सीधा असर लंबित मामलों की सुनवाई पर पड़ता है। नए जजों की नियुक्ति से मामलों की सुनवाई में तेजी आने और न्यायिक कार्यभार को कुछ हद तक कम करने की उम्मीद है।
हालांकि, कॉलेजियम की सिफारिश के बाद अभी नियुक्ति की अंतिम प्रक्रिया पूरी होना बाकी है। अंतिम मंजूरी मिलने के बाद ही नए न्यायाधीशों की नियुक्ति औपचारिक रूप से प्रभावी होगी।







Leave a Reply