लोक जगत, रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान से बिजली के तार चोरी करने का मामला सामने आया है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घटना में शामिल दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है, वहीं चोरी का सामान खरीदने वाले दो कबाड़ियों को भी गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?
त्रिवेणी विहार (पचपेड़ी नाका) निवासी पियूष शर्मा ने टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 सितंबर 2026 को वे अपने निर्माणाधीन मकान में ताला लगाकर मुंबई गए थे। 22 सितंबर को जब वे वापस लौटे, तो देखा कि मकान के कमरों के ताले टूटे हुए थे और अंदर लगा बिजली का तार गायब था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और मुखबिर से मिला सुराग…
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया।
जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दो संदिध नाबालिगों को पकड़ा। कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने चोरी की बात स्वीकार की और बताया कि उन्होंने चुराया हुआ तार दो कबाड़ियों को बेचा था।
कबाड़ी संचालकों पर भी गिरी गाज
नाबालिगों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी संचालक निर्मल कुमार (20 वर्ष, निवासी लाखे नगर) और इजहार अहमद उर्फ बच्चा (45 वर्ष, निवासी संतोषी नगर) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का तार बरामद कर लिया है। पकड़े गए दोनों कबाड़ियों के खिलाफ धारा 317(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है, वहीं दोनों नाबालिगों को बाल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।







Leave a Reply