लोक जगत, रायपुर। राजधानी रायपुर में सूखे नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पिछले 24 घंटे के दौरान गंज और आमानाका थाना क्षेत्रों में हुई दो अलग-अलग कार्रवाइयों में रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने कुल 127.309 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इसकी कीमत करीब 64 लाख रुपये बताई गई है। दोनों मामलों में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 3 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, दोनों कार्रवाई एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और संबंधित थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला, पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिनसन गुरिया की मॉनिटरिंग में इन मामलों में कार्रवाई की गई।
फाफाडीह में ऑटो से 82.51 किलो गांजा मिला
पहली कार्रवाई बुधवार 7 अक्टूबर 2026 को गंज थाना क्षेत्र में की गई। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि पचपेड़ी नाका की ओर से एक ऑटो में तीन लोग गांजा लेकर रेलवे स्टेशन की तरफ जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर टीम ने ऑटो की तलाश शुरू की। कुछ देर बाद संदिग्ध ऑटो फाफाडीह चौक स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास दिखाई दिया। पुलिस ने उसका पीछा कर उसे रोक लिया। ऑटो में तीन लोग सवार थे। पूछताछ में उनकी पहचान मुकुन्द शर्मा (उम्र 27 साल), गोपाल वर्मा उर्फ गोपी (उम्र 28 साल) और संतोष साहू (उम्र 34 साल) के रूप में हुई।
पुलिस ने उनके पास रखे ट्रॉली बैग की तलाशी ली तो उसमें गांजा मिला। कार्रवाई में कुल 82.51 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे और अन्य सामान की कीमत करीब 41.25 लाख रुपये बताई गई है। इसके साथ तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किए।
इस मामले में गंज थाने में अपराध दर्ज कर धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
टाटीबंध में 44.799 किलो गांजा के साथ तीन पकड़े गए
दूसरी कार्रवाई आज गुरुवार 8 अक्टूबर 2026 को आमानाका थाना क्षेत्र में हुई। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि टाटीबंध स्थित इस्कॉन टेंपल मोड़ के पास कुछ लोग गांजा लेकर ग्राहक की तलाश कर रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आमानाका पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बताए गए हुलिये के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उन्हें पकड़ा गया। पूछताछ में दो आरोपियों की पहचान कान्हू डकुआ (उम्र 36 साल), निवासी ओडिशा और सुमित भट्टाचार्य (उम्र 36 साल), निवासी पश्चिम बंगाल के रूप में हुई। इनके साथ एक नाबालिग भी मिला।
टीम ने उनके पास रखे बैग की तलाशी ली तो उसमें गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने कुल 44.799 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत करीब 22.40 लाख रुपये बताई गई है। इस मामले में आमानाका थाने में अपराध दर्ज कर धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
दोनों मामलों में आरोपियों के लिंकेज खंगालेगी पुलिस
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से गांजे की सप्लाई और डिलीवरी से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के बारे में पूछताछ कर रही है। इसका मकसद यह पता लगाना है कि गांजा कहां से लाया गया था, किसे सप्लाई किया जाना था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आने वाली जानकारी के आधार पर दोनों मामलों में आगे की कार्रवाई की जाएगी। यानी जांच केवल गांजा जब्त करने और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी।
85 मामलों में 190 आरोपियों पर कार्रवाई
रायपुर कमिश्नरेट के मुताबिक, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीमों ने अब तक एनडीपीएस एक्ट के 85 मामलों में 190 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों में कुल करीब 6 करोड़ 31 लाख 2 हजार 810 रुपये कीमत का गांजा, ओशन ग्रो (गांजा), प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, एमडीएमए, पार्टी पिल्स, कोकीन, प्रतिबंधित सिरप, डोडा, हेरोइन (चिट्टा), ब्राउन शुगर, अफीम, नकदी, वाहन, मोबाइल फोन, कट्टा, चाकू और अन्य सामान जब्त किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।








Leave a Reply