पुराने विवाद में क्रिकेट बैट से जानलेवा हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार: मुख्य आरोपी के पास से पिस्टल बरामद…

लोक जगत, रायपुर। राजधानी के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नॉर्थ जोन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस वारदात में शामिल तीन आरोपियों को दबोच लिया है। खास बात यह है कि मुख्य आरोपी के पास से एक अवैध पिस्टल भी बरामद की गई है, जिसके बाद उस पर आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।

घटना का विवरण…
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 8 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7:40 बजे की है। प्रार्थी अमन गुप्ता एक चॉइस सेंटर पर मौजूद था, तभी पुराना विवाद को लेकर कुणाल सिंह और उसके दो साथी वहां पहुंचे। आरोपियों ने प्रार्थी के साथ पहले गाली-गलौज की और विरोध करने पर क्रिकेट बैट से उसके सिर और दाहिने हाथ पर कई गंभीर वार किए। इस दौरान बीच-बचाव करने आईं सरोज गुप्ता के साथ भी मारपीट की गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी…
शिकायत मिलने के तुरंत बाद गुढ़ियारी थाने में पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं (458/2026, धारा 333, 296, 351(2), 109(1), 3(5)) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 10 अक्टूबर 2026 को मुख्य आरोपी समेत तीनों को गिरफ्तार कर लिया:
0 कुणाल सिंह (मुख्य आरोपी)
0 अनुराग किरनापुरे (उम्र 24 वर्ष)
0 संदीप दास (उम्र 27 वर्ष)
गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मुख्य आरोपी पर आर्म्स एक्ट के तहत अलग से केस
मुख्य आरोपी कुणाल सिंह की तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल मिली। पुलिस ने इस संबंध में थाना गुढ़ियारी में आर्म्स एक्ट की धारा 25 (अपराध क्रमांक 461/2026) के तहत पृथक मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पिस्टल के साथ-साथ एक बजाय पल्सर N150 मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 04 PR 8076) भी जब्त की है।
आदतन अपराधी है मुख्य आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य आरोपी कुणाल सिंह एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। यहां तक कि उसके माता-पिता का भी पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वे पूर्व में कई मामलों में जेल जा चुके हैं। नॉर्थ जोन पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से इलाके के असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *