दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझी, पड़ोसी ने ही की बुजुर्ग दंपती की हत्या, इस बात का था शक…

लोक जगत, रायपुर। आरंग, थाना आरंग अंतर्गत ग्राम बिरबिरा में बीते गुरुवार को हुए बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा ली है। इस संगीन मामले में पुलिस ने मृतक दंपत्ति के पड़ोसी आरोपी युवक को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया हैं।

ज्ञात हो कि दिनांक 08.10.2026 को ग्राम बिरबिरा सरपंच चम्मन लाल साहू ने थाना आकर सूचना दी कि गांव के सदाशी साहू और पत्नी आसबती साहू की किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर धारदार हथियार से हत्या कर दी है। सूचना पर आरंग थाना टीम, फॉरेंसिक, डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंची। मृतकों के शव अलग-अलग कमरों में खून से लथपथ मिले। इस पर थाना आरंग में अप.क्र. 481/2026 धारा 103(1), 331(7) BNS कायम कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान गांव के ही संदेही प्रमोद उर्फ रॉकी पिता सुशील साहू उम्र 22 वर्ष साकिन बिरबिरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
आरोपी ने बताया कि एक वर्ष पूर्व उसकी मां की मृत्यु हुई थी, उसे शंका थी कि मृतक दंपति सदाशी और आसबती ने जादू-टोना कर उसकी मां को मारा है। इसी रंजिश को मन में पाल रखा था और इस बात की चर्चा वो गांव में करता रहता था। इसके साथ ही मृतकों के पास अधिक जमीन और मृतिका के हमेशा सोने-चांदी के जेवर पहने रहने की जानकारी उसे पहले से थी जो कि हत्या के बाद उसने लूट लिया। जिसके आधार पर दर्ज अपराध में धारा 109(6) BNS और छ ग टोनही प्रताड़ना अधि की धारा 4,5 जोड़ी गई है।
आरोपी ने बताया कि दिनांक 06.10.2026 की रात 11.30 बजे घर वाले सो गए तो वह टंगिया और हंसिया लेकर अपने मकान की छत से प्रहलाद साहू की छत पार कर सदाशी के मकान की छत से नीचे उतरा। पहले कमरे में सो रहे सदाशी के सिर पर टंगिया से वार कर हत्या कर दी, फिर दूसरे कमरे में सो रही आसबती के सिर, गले पर टंगिया सेवार और हंसिया से सीने-पेट पर वार कर निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद मृतिका के पहने चांदी का कमरबंध, ऐंठी, माला, सोने की खिनवा और घर में रखी अंगूठी, बिछिया, सिक्के लूट लिए। खून लगे हथियारों को नाली में धोकर सफेद बोरी में भरकर तामासिवनी रोड किनारे झाड़ी में छुपा दिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टंगिया, हंसिया, खून लगे कपड़े और लूटे गए समस्त सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *