85 किलो गांजे के साथ तीन अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 58 लाख का माल जब्त…

लोक जगत, रायपुर। राजधानी की पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के दुर्गा चौक मैदान के पास पुलिस ने एक कार से 85 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस मामले में दो अंतर्राज्यीय तस्करों समेत कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जप्त किए गए मादक पदार्थ, वाहन और अन्य सामग्रियों की कुल कीमत लगभग 58 लाख रुपए आंकी गई है।

इस तरह बिछाया गया जाल…
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि सिविल लाइन थाना इलाके में स्थित दुर्गा चौक मैदान के पास एक चारपहिया वाहन में कुछ लोग संदिग्ध अवस्था में मौजूद हैं और वे अवैध मादक पदार्थ की खेप खपाने की फिराक में हैं।

सूचना मिलने के बाद पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) तारकेश्वर पटेल के मार्गदर्शन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिविल लाइन थाने की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर घेराबंदी की और वाहन की पहचान कर उसमें सवार तीनों संदिग्धों को दबोच लिया।

कार की डिक्की में छिपाकर रखा था गांजा…
पकड़े गए संदिग्धों की पहचान अनीश साहू (सागर, मध्यप्रदेश), राकेश साहू (मंडला, मध्यप्रदेश / हाल निवासी गरियाबंद) और सूरज कलेत (महासमुंद, छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है। जब पुलिस ने महिन्द्रा कार की गहन तलाशी ली, तो उसकी डिक्की के अंदर अलग-अलग पैकेटों में भरकर रखा गया कुल 85 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे इस खेप को पड़ोसी राज्य ओडिशा के बलांगीर जिले से लेकर आए थे और इसे रायपुर व आसपास के इलाकों में किसी ग्राहक को सौंपने वाले थे। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।

नेटवर्क के अन्य सुराग खंगाल रही पुलिस…
पुलिस अब इस तस्करी के ‘बैकवर्ड’ और ‘फॉरवर्ड’ लिंकेज की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि आरोपियों को ओडिशा में यह खेप किसने उपलब्ध कराई थी और वे इसे रायपुर में किसे डिलीवरी देने वाले थे। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संलिप्त लोगों की भी पहचान की जा रही है।

कमिश्नरेट में अब तक की बड़ी कार्रवाई…
रायपुर कमिश्नरेट क्षेत्र में अवैध नशे के विरुद्ध छेड़े गए विशेष अभियान के तहत एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने अब तक एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कुल 92 मामलों में 204 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों के दौरान गांजा, ओशन ग्रो, प्रतिबंधित नशीली गोलियां, एमडीएमए, कोकीन, हेरोइन (चिट्टा), ब्राउन शुगर, अफीम, अवैध हथियार और नकदी समेत कुल 7 करोड़ 9 लाख 98 हजार रुपए से अधिक का मशरूका जब्त किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *