ओडिशा से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट लाकर रायपुर में खपाने की फिराक में घूम रहा आरोपी गिरफ्तार…

लोक जगत, रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट एवं एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीमों द्वारा अब तक एनडीपीएस एक्ट के 94 प्रकरणों में कुल 207 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 7,19,81,600/- रूपये (सात करोड़, उन्नीस लाख, इक्यासी हजार, छः सौ रूपये) कीमत का गांजा, ओशन ग्रो (गांजा), प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, एम.डी.एम.ए., पार्टी पिल्स, कोकीन, प्रतिबंधित सिरप, डोडा, हेरोइन (चिट्टा), ब्राउन शुगर, अफीम, नगदी रकम, चारपहिया वाहन, दोपहिया वाहन, मोबाइल फोन, कट्टा, चाकू व अन्य सामग्री किया गया है जप्त।

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार तथा प्रतिबंधित मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी एवं सप्लाई में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

घटना का विवरण…
एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की टीम को सूचना प्राप्त हुई कि थाना डी.डी.नगर क्षेत्रांतर्गत महादेवघाट स्थित विसर्जन कुण्ड के आसपास एक व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) श्री रॉबिन्सन गुरिया द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को सूचना की तस्दीक कर आरोपी को प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ पकड़ने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट, एण्टी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स एवं थाना डी.डी.नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति की पतासाजी की। व्यक्ति की पहचान कर घेराबंदी की गई और उसे पकड़कर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहम्मद असजद निवासी डंगनिया, थाना डी.डी.नगर, रायपुर बताया।

थैले की तलाशी में मिली 2,100 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट…
संयुक्त टीम द्वारा आरोपी के पास रखे थैले की तलाशी लेने पर उसमें प्रतिबंधित नशीली टेबलेट नाइट्राजेपम (नाइट्रोसन-10) बरामद हुई। टेबलेट रखने एवं उनकी बिक्री के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहे जाने पर आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने उक्त प्रतिबंधित नशीली टेबलेट ओडिशा से लाना बताया।

आरोपी मोहम्मद असजद को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कुल 2,100 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट नाइट्राजेपम (नाइट्रोसन-10) कीमती लगभग 8,40,000/- (आठ लाख चालीस हजार रूपये) जप्त कर आरोपी के विरूद्ध थाना डी.डी. में अपराध क्रमांक 670/26 धारा 22(सी) नारकोटिक एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी के विरूद्ध कार्यवाही किया गया।

तस्करी नेटवर्क की जांच जारी…
गिरफ्तार आरोपी से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट की उपलब्धता, परिवहन, अवैध बिक्री एवं सप्लाई नेटवर्क के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा प्रकरण में बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज की जांच करते हुए टेबलेट की आपूर्ति करने वाले स्रोतों तथा इसकी बिक्री एवं सप्लाई में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रकरण में सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर अन्य संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भी नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

गिरफ्तार आरोपी – मोहम्मद असजद पिता मोहम्मद इस्लाम, उम्र 30 वर्ष, निवासी शांति विहार कॉलोनी, दुर्गा आटा चक्की के पास, डंगनिया, थाना डी.डी.नगर, रायपुर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *