लोक जगत, रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में यातायात प्रबंधन के साथ-साथ अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की धरपकड़ में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 13 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला (IPS) ने प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है।
यातायात पुलिस के जवान सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर निरंतर पैनी नजर रख रहे हैं। इसी मुस्तैदी और सजगता के चलते बीते एक सप्ताह के भीतर पुलिस टीम को 06 अलग-अलग मामलों में अपराधियों को पकड़ने और चोरी का सामान बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल हुई है।

प्रमुख उपलब्धियां एवं मामले:
28 किलो गांजे के साथ महिला-पुरुष गिरफ्तार:
15 अक्टूबर को पचपेड़ी नाका यातायात थाने के आरक्षक दबीर खान को इस्कॉन मंदिर के पास बैग लिए संदिग्ध महिला-पुरुष की सूचना मिली। मौके पर जांच के दौरान उनके पास से लगभग 28 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। आरोपियों को आमानाका थाना पुलिस के सुपुर्द कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया।
डोंगरगांव से चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद:
15 अक्टूबर को तेलीबांधा में तैनात आरक्षक नंदन झा और संजय पाण्डेय ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध चालक को रोका। चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। जांच में पता चला कि वाहन डोंगरगांव से चोरी हुआ था।
फर्जी नंबर प्लेट वाली चोरी की बाइक जब्त:
17 अक्टूबर को पचपेड़ी नाका चौक पर सउनि दीपेश सिन्हा और आरक्षक नरसिंह देहरी ने फर्जी नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल रोकी। चेचिस नंबर की जांच करने पर वाहन नया रायपुर के राखी थाने से चोरी का निकला।
ई-रिक्शा चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार:
18 अक्टूबर की रात रेलवे स्टेशन गेट नंबर 02 के पास से ई-रिक्शा चोरी होने की सूचना पर आरक्षक डी. सीमांचल, सैनिक अशोक शर्मा और नव आरक्षक अंकित मिंज ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की। टीम ने संजय गांधी चौक के पास से दो आरोपियों (अमर कुमार बेहरा और अजय टांडी) को ई-रिक्शा सहित रंगे हाथों दबोचा।
बिना नंबर प्लेट की चोरी की बाइक बरामद:
19 अक्टूबर को कमल विहार चौक पर उनि. अशोक तिवारी, प्रधान आरक्षक ओग्य प्रसाद मनहर और आरक्षक प्रेमचंद देवदास ने बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल को रोका, जिसका चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। तकनीकी जांच में पाया गया कि बाइक टिकरापारा थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी।
दशहरा मेले में पॉकेटमार रंगे हाथों पकड़ा गया:
20 अक्टूबर को रावणभांटा दशहरा मैदान में क्यूआरटी-4 के प्रधान आरक्षक कृपा शंकर सरोज और आरक्षक विशाल सोरी ने भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल व नकदी चुरा रहे पॉकेटमार को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
“पुलिसिंग के उच्च मानकों का उदाहरण” – पुलिस कमिश्नर
सम्मान समारोह के दौरान पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने जवानों की कर्तव्यनिष्ठा और त्वरित निर्णय क्षमता की सराहना करते हुए कहा:
“यातायात पुलिस का प्राथमिक दायित्व सुगम आवागमन सुनिश्चित करना है, लेकिन ड्यूटी के दौरान संदिग्ध गतिविधियों को पहचानकर अपराध रोकना उत्कृष्ट पुलिसिंग को दर्शाता है। यह सजगता पूरे पुलिस बल के लिए अनुकरणीय और प्रेरणादायी है।”
इस गरिमामय अवसर पर अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले, पुलिस उपायुक्त (यातायात) डॉ. अर्चना झा समेत यातायात पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।







Leave a Reply