IAS अधिकारियों का प्रमोशन: सुबोध सिंह और निहारिका बारिक बने अपर मुख्य सचिव…

लोक जगत, रायपुर। राज्य सरकार ने राज्य के चार वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को पदोन्नति दी है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी किया। इसके तहत 1997 बैच के आईएएस अधिकारी सुबोध कुमार सिंह और निहारिका बारिक को अपर मुख्य सचिव (ACS) बनाया गया है। वहीं, 2002 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. रोहित यादव और डॉ. कमलप्रीत सिंह को प्रमुख सचिव के पद पर पदोन्नत किया गया है।

राज्य सरकार ने निर्धारित रिक्तियों और पदोन्नति के प्रावधानों के तहत इन अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी है। पदोन्नति के बाद डॉ. रोहित यादव को वित्त विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है, जबकि डॉ. कमलप्रीत सिंह स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव होंगे।

डॉ. रोहित यादव को वित्त विभाग की जिम्मेदारी
2002 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. रोहित यादव को प्रमुख सचिव वेतनमान (पे मैट्रिक्स लेवल-15) में पदोन्नति दी गई है। उन्हें वित्त विभाग के प्रमुख सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही वे जनसंपर्क विभाग के प्रमुख सचिव और पेंशन निराकरण समिति के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।

पदोन्नति से पहले डॉ. रोहित यादव वित्त विभाग में सचिव के पद पर कार्यरत थे। उनके पास जनसंपर्क विभाग के सचिव और पेंशन निराकरण समिति के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार भी था। नई पदस्थापना उनके कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से प्रभावी रहेगी।

डॉ. कमलप्रीत सिंह बने स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव
2002 बैच के ही आईएएस अधिकारी डॉ. कमलप्रीत सिंह को भी प्रमुख सचिव वेतनमान में पदोन्नत किया गया है। उन्हें स्कूल शिक्षा विभाग का प्रमुख सचिव नियुक्त किया गया है।

डॉ. कमलप्रीत सिंह इससे पहले इसी विभाग में सचिव के पद पर कार्यरत थे। पदोन्नति के बाद शासन ने उन्हें स्कूल शिक्षा विभाग की शीर्ष प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी नई पदस्थापना भी कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से की गई है।

केंद्र के निर्देशों के तहत पूरी हुई पदोन्नति प्रक्रिया
राज्य सरकार के आदेश के अनुसार, यह पदोन्नति केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) के निर्देशों के तहत की गई है। केंद्रीय विभाग ने छत्तीसगढ़ कैडर के लिए प्रमुख सचिव वेतनमान में पदोन्नति के लिए दो रिक्तियों का निर्धारण किया था। इन्हीं रिक्तियों के आधार पर डॉ. रोहित यादव और डॉ. कमलप्रीत सिंह को पदोन्नति दी गई है।

वहीं, 1997 बैच के सुबोध कुमार सिंह और निहारिका बारिक को अपर मुख्य सचिव के पद पर पदोन्नत किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *